'कानूनी कार्रवाई की जाएगी', WCL में भारत के एक्शन से तिलमिलाया पाकिस्तान, PCB ने बदल दी गाइडलाइन
WCL Controversy: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में हुई गड़बड़ी के बाद निजी क्रिकेट लीग (Private Cricket Leagues) में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों में देश (PAK) के नाम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा 'पाकिस्तान चैंपियंस' के खिलाफ खेलने से इनकार करने के बाद यह फैसला लिया गया है। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट (www.telecomasia.net) की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने निजी क्रिकेट लीग में देश के नाम के इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला किया है, क्योंकि ब्रिटेन में चल रहे डब्ल्यूसीएल को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बताया जा रहा है।

'भारतीय खिलाड़ियों का इनकार नुकसानदेह'
सूत्रों ने शुक्रवार को www.telecomasia.net को बताया कि, 'गुरुवार को निदेशक मंडल (Board of Directors) की बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।' 'हाई लेवल अथॉरिटी का मानना है कि भारतीय खिलाड़ियों द्वारा डब्ल्यूसीएल के दूसरे सीजन में दो बार पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार करना देश के नाम के लिए नुकसानदेह है।'
इन लीगों में पाकिस्तान के नाम का हुआ इस्तेमाल
भविष्य में किसी भी निजी संगठन को निजी लीग के लिए देश के नाम का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, मौजूदा पाकिस्तान लीजेंड्स टीम को शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल खेलने की अनुमति दी जाएगी। रिपोर्टों में कहा गया है कि कई निजी संगठनों ने जिम्बाब्वे, केन्या और अमेरिका में छोटी और कम-प्रोफ़ाइल वाली लीगों में भाग लेने के लिए पाकिस्तान के नाम का इस्तेमाल किया है।
PAK का नाम इस्तेमाल करने पर कानूनी कार्रवाई
पीसीबी के करीबी सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है, 'अगर कोई निजी संगठन पाकिस्तान का नाम इस्तेमाल करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर पीसीबी को लगता है कि लीग और संगठन की प्रामाणिकता विश्वसनीय है, तो उसे क्रिकेट आयोजनों में पाकिस्तान के नाम के इस्तेमाल की अनुमति देने का पूरा अधिकार है।'












Click it and Unblock the Notifications