ICC Women World Cup: एलिसा हीली ने फाइनल में तोड़ा गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड, 7वीं बार ऑस्ट्रेलिया ने जीता खिताब
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड में खेले गये आईसीसी महिला विश्वकप 2022 का फाइनल मैच क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेला गया, जहां पर ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम का सामना इंग्लैंड की महिला टीम से हुआ। महिला विश्वकप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड इन्हीं दोनों टीमों के नाम रहा है। इस मैच से पहले जहां ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 6 बार विश्वकप का खिताब अपने नाम किया था तो वहीं पर इंग्लैंड की महिला टीम ने 4 बार खिताब जीता था। ऐसे में जब दोनों टीमें फाइनल में एक दूसरे के खिलाफ खेलने उतरी तो इंग्लैंड पर अपने खिताब को बचाने की जिम्मेदारी थी।

हालांकि ऑस्ट्रेलिया के लिये एलिसा हीली ने ऐसी पारी खेली जिसने मैच को एकतरफा कर दिया और कंगारू टीम ने निर्धारित 50 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 356 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 285 रन ही बना सकी और 71 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: DC vs GT: आखिरी ओवर्स में ताश के पत्तों की तरह बिखरी दिल्ली, फर्ग्यूसन के दम पर जीता गुजरात

हीली ने तोड़ा गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड
एलिसा हीली ने महिला विश्वकप के फाइनल मैच में रविवार को 138 गेंदों का सामना किया और 26 चौकों की मदद से 170 रनों की पारी खेल डाली। हीली के अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिये रॉचेल हयेन्स (68) और बेथ मूनी (62) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेली और फाइनल मैच में 356 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। एलिसा हीली ने इस दौरान जैसे ही 149 रनों के मार्क को पार किया उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिखवाया है। एलिसा हीली इस पारी के साथ आईसीसी विश्वकप के फाइनल मैच (महिला और पुरुष दोनों) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन गई हैं।

महिला विश्वकप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बनी हीली
एलिसा हीली ने इस रिकॉर्ड को अपने ना करने के लिये ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने 2007 के वनडे विश्वकप में श्रीलंका के खिलाफ 149 रनों की पारी खेली थी, हालांकि डकवर्थ लुइस के तहत श्रीलंका की टीम को 53 रनों से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस मैच को जीतकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया था। इसके साथ ही एलिसा हीली महिला विश्वकप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर भी बनी और अपनी ही टीम की साथी रॉचेल हयेन्स को पीछे छोड़ दिया है।

महिला विश्वकप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर
रॉचेल ने इसी मैच में अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर (497) नया कीर्तिमान स्थापित किया था लेकिन एलिसा हीली (509) ने उन्हें पीछे छोड़कर टॉप पर अपना नाम लिखवा लिया है। इस फेहरिस्त में न्यूजीलैंड के डेबी हॉकले-456 (1997), ऑस्ट्रेलिया की लिंडसे रीलर - 448 (1988) और डेबी हॉकले - 445 (1988) का नाम शामिल है। एलिसा हीली ने पारी की शुरुआत धीमे तरीके से करते हुए 100 की स्ट्राइक रेट से शतक पूरा किया लेकिन इसके बाद गियर बदलकर सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने वाली बैटर बन गई।

वनडे क्रिकेट में बनाया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
हीली ने पहले 100 रन महज 100 गेंदों में पूरे किये थे तो वहीं पर अगली 38 गेंदों में 70 रन ठोंक कर महिला वनडे क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस फेहरिस्त में सिर्फ बेलिंडा क्लार्क (229) का नाम ही उनसे आगे हैं जिन्होंने 1997 में डेनमार्क के खिलाफ यह पारी खेली थी। हीली ने इससे पहले सेमीफाइनल मैच में भी वेस्टइंडीज के खिलाफ 129 रनों की पारी खेलकर शतक लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications