‘हम तो उम्मीद ही नहीं करते थे, लेकिन..’, पूर्व विकेटकीपर ने की Team India के टॉप ऑर्डर की तारीफ
भारतीय टीम (Team India) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे जीतकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर विंडीज को 3 रन से हराया।
नई दिल्ली, जुलाई 24: भारतीय टीम (Team India) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे जीतकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर विंडीज को 3 रन से हराया। भारत की जीत में ऊपरी क्रम के बल्लेबाजों का खासा जलवा देखने को मिला। कप्तान शिखर धवन, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर फिफ्टी बनाने में सफल रहे। टॉप ऑर्डर के इसी प्रदर्शन के बाद पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने टीम की जमकर तारीफ की है।
ये भी पढ़ें- 'मैं कुछ भी करने के लिए तैयार हूं', आउट ऑफ फॉर्म Virat Kohli का सामने आया बड़ा बयान

टॉप ऑर्डर ने जीता दिल
क्रिकबज के शो पर पार्थिव पटेल ने भारतीय टॉप ऑर्डर की खूब तारीफ की। पूर्व विकेटकीपर ने कहा, "शिखर धवन ने कप्तान की पारी खेली। उन्होंने दूसरे छोर से शुभमन गिल को अच्छा सर्मथन किया। गिल को ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन की जगह प्लेइंग-11 में चुना गया और उन्होंने शानदार पारी खेली।''
पार्थिव ने आगे कहा, ''आमतौर पर जब शिखर धवन रोहित शर्मा के साथ खेलते हैं तो रोहित अपना समय लेते हैं और शिखर को आक्रामक रूप में देखा जाता है। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में शुभमन ने गेंदबाजों पर अटैक किया और धवन एंकर की भूमिका में नजर आए।''

पहले विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी
दो साल बाद वनडे टीम में वापसी करने वाले शुभमन गिल और कप्तान शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 119 रन की शानदार शतकीय साझेदारी निभाई। अपने पहले इंटरनेशनल शतक की ओर बढ़ रहे 22 वर्षीय गिल 53 गेंदों में 64 रन बनाकर रन-आउट हुए। वहीं, शिखर भी बस 3 रन से शतक बनाने से चूक गए। भारतीय कप्तान 99 गेंदों में 97 रन की पारी खेलकर गुडाकेश मोती को अपना विकेट दे बैठे।

फॉर्म में लौटे श्रेयस अय्यर
इन दोनों के अलावा उप-कप्तान श्रेयस अय्यर भी बढ़िया लय में नजर आए और 57 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हुए। इसी पारी के दौरान उन्होंने अपने वनडे करियर के 1,000 रन भी पूरे किए। धवन और अय्यर के बीच दूसरे विकेट के लिए 94 रन की लाजवाब पार्टनरशिप देखने को मिली।
बता दें कि रवींद्र जडेजा के चोट के चलते पहले दो वनडे से बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर को टीम को उप-कप्तान बनाया गया है।

अय्यर की भी हुई तारीफ
पार्थव ने अय्यर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "श्रेयस ने भी फॉर्म में बढ़िया वापसी की। आईपीएल और उसके बाद इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने उतने रन नहीं बनाए जितनी उनसे उम्मीद की जा रही थी। लेकिन यहां उन्होंने अर्धशतक लगाया। हैरान करने वाली बात ये हैं कि भारत के टॉप-3 ने अर्धशतक लगाया। आमतौर पर हम भारत के टॉप-3 के रन नहीं बनाने की बात करते हैं।''

ये अच्छे संकेत है
पार्थिव पटेल ने अंत में कहा, "हमारे टॉप-3 को इंग्लैंड में रन नहीं मिले थे, लेकिन यहां धवन ने 97 रन बनाए, गिल ने खुद को फिर से साबित किया और दिखाया कि वह कितने अच्छे हैं और अय्यर ने भी अर्धशतक बनाया है।"
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे वनडे रविवार को पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications