ICC का पाकिस्तान को अल्टीमेटम, वर्ल्ड कप छोड़ा तो गंवाने होंगे 300 करोड़? PSL से विदेशी खिलाड़ी होंगे बाहर!
T20 World Cup ICC vs Pakistan: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच चल रहा तनाव अब एक गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर किए जाने के विरोध में पाकिस्तान द्वारा टूर्नामेंट के बहिष्कार के संकेतों ने आईसीसी को कड़े कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। यदि पीसीबी इस प्रतियोगिता से हटने का फैसला करता है, तो उसे भारी वित्तीय नुकसान उठाना होगा।
करीब 300 करोड़ का लग सकता है झटका (T20 World Cup ICC vs Pakistan)
आईसीसी के सूत्रों के अनुसार, टूर्नामेंट के इस मोड़ पर पीछे हटना 'भागीदारी समझौते' का सीधा उल्लंघन माना जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक यदि पाकिस्तान बहिष्कार करता है तो आईसीसी उसके वार्षिक राजस्व हिस्से को फ्रीज कर सकता है। यह राशि लगभग 34.5 मिलियन डॉलर (करीब 290 करोड़ रुपये) अनुमानित है। गौरतलब है कि आईसीसी का अधिकांश राजस्व भारतीय बाजार से आता है और पाकिस्तान का यह कदम उसके आर्थिक ढांचे को हिला सकता है।

खतरे में पड़ सकता है पाकिस्तान का भविष्य
आईसीसी अधिकारियों का मानना है कि यदि पाकिस्तान केवल सरकार की सलाह पर और बिना किसी ठोस सुरक्षा कारण के बहिष्कार करता है तो इसे खेल को राजनीति के लिए हथियार बनाने के रूप में देखा जाएगा। ऐसे में आईसीसी पाकिस्तान की सदस्यता पर विचार कर सकता है और भविष्य के आईसीसी आयोजनों में उसकी भूमिका को सीमित कर सकता है।
PSL पर पड़ेगा सीधा असर
इस विवाद का असर पाकिस्तान की घरेलू लीग, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर भी पड़ना तय है। यदि पीसीबी और आईसीसी के बीच संबंध बिगड़ते हैं तो आईसीसी विदेशी खिलाड़ियों को पीएसएल में खेलने के लिए एनओसी (NOC) देने में कड़ाई बरत सकता है। विदेशी सितारों की अनुपस्थिति से लीग की ब्रांड वैल्यू और लोकप्रियता को भारी नुकसान होगा।












Click it and Unblock the Notifications