पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दी बड़ी धमकी, बीसीसीआई को उनके ही पैंतरे से मात देने की तैयारी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से लगातार बीसीसीआई के ऊपर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है और हर दिन बयान आ रहे हैं।

Pakistan on World Cup: एशिया कप की मेजबानी जाने का डर पाकिस्तान को लगातार सता रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से हर दिन अलग-अलग बातें और बयान देखने को मिल रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी बयानबाजी कर रहे हैं और इससे पहले रमीज राजा भी कुछ इसी तरह की बातें करते थे।
पीसीबी की तरफ से कहा जा रहा है कि अगर एशिया कप की मेजबानी उनके हाथ से जाती है तो वे भारत में इस साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर देंगे। पाकिस्तान का कहना है कि वह भी मैचों के लिए तटस्थ वेन्यू की मांग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने एशिया कप के मैचों को लेकर बनाए गए हाइब्रिड मॉडल के तहत खेलने से मना कर दिया है। भारतीय बोर्ड के अनुसार एशिया कप पाकिस्तान से बाहर होना चाहिए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी का कहना है कि कहीं ऐसा ना हो कि हम वर्ल्ड कप का बहिष्कार करें।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार सेठी ने कहा है कि भारत को इस तरह की स्थिति नहीं बनानी चाहिए जहां वे एशिया कप का बहिष्कार करें और (हमारी तरफ से) फिर वर्ल्ड कप का बहिष्कार हो, इसके बाद भारत चैम्पियंस ट्रॉफी में खेलने से मना करे।
सेठी ने कहा कि एशिया कप बाहर जाना स्वीकार नहीं होगा और अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा होने की पूरी संभावना है। इस बयान से साफ़ है कि पाकिस्तान की तरफ से बीसीसीआई के ऊपर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इन सबके बीच एक खबर यह भी आई है कि श्रीलंका एशिया कप मामले में पाकिस्तान का साथ नहीं दिया इसलिए जुलाई में होने वाली टेस्ट सीरीज का बहिष्कार किया जा सकता है। सोशल मीडिया पर ऐसा दावा किया गया है। देखना होगा कि आगामी समय में क्या कुछ होता है।












Click it and Unblock the Notifications