वसीम अकरम ने किया दावा, 2023 वर्ल्ड कप में जीत की प्रबल दावेदार है पाकिस्तान
वसीम अकरम का कहना है कि इसी साल भारत में होने वाले विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनने की प्रबल दावेदार है। विश्व कप का आगाज इस साल अक्टूबर में भारत में ही होगा।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने इसी साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए एक बड़ी भविष्यवाणी की है। दरअसल, उनका मानना है कि 2023 विश्व कप में पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनने की प्रबल दावेदार है। वसीम अकरम का कहना है कि पाकिस्तान की मौजूदा बॉलिंग लाइनअप बाबर आजम के नेतृत्व वाली इस टीम को चैंपियन बनने का प्रबल दावेदार बनाती है। स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए वसीम अकरम ने कहा है कि हमारी टीम का कप्तान बाबर आजम एक महान खिलाड़ी है और इस वक्त हमारे पास दुनिया का बेस्ट बॉलिंग अटैक है और उस बॉलिंग अटैक के सभी गेंदबाज जबरदस्त फॉर्म में हैं।
शाहीन अफरीदी हैं गेम चेंजर- वसीम अकरम
वसीम अकरम ने शाहीन अफरीदी की तारीफ करते हुए कहा है कि यह गेंदबाज इस वक्त जबरदस्त लय में है। आपको बता दें कि शाहीन अफरीदी ने हाल ही में पीएसएल में अपनी टीम लाहौर कलंदर्स को दूसरी बार चैंपियन का खिताब जिताया है। शाहीन ने फाइनल मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कमाल का प्रदर्शन किया था। शाहीन अफरीदी इस वक्त एक ऑलराउंडर के रूप में लगातार सफल खिलाड़ी बन रहे हैं। शाहीन की तारीफ करते हुए वसीम अकरम ने टीम के अन्य खिलाड़ी हारिस रऊफ और युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह को भी गेम चेंजर प्लेयर बताया है। इसके अलावा टीम में एहसानुल्ला और मोहम्मद हुसनैन तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने अभी प्रभावित करना शुरू किया है।
भारत भी है दावेदार- वसीम अकरम
वसीम अकरम ने आगे कहा है कि इस बार का विश्व कप भारत में हो रहा है, इसलिए भारतीय टीम भी चैंपियन बनने की दावेदार है। वसीम अकरम ने कहा कि भारतीय पिचों पर हमारे गेंदबाजों को भी अच्छी मदद मिलेगी। वसीम अकरम ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे के नतीजे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय बल्लेबाज बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ असहज नजर आ रहे हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि वो जल्द ही इस समस्या को सुलझा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications