बाबर आजम की शतक के साथ वापसी, पाकिस्तान ने दूसरे T20I में इंग्लैंड को 10 विकेट से हराया
कराची, 23 सितंबर: खराब फॉर्म से जूझ रहे पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ सीधे शतक ठोककर दूसरे टी20 मैच में अपनी टीम को 10 विकेट से जिताने में कामयाबी हासिल की। इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए थे जिसको पाकिस्तान ने बगैर किसी विकेट के 19.3 ओवर में 203 रन बनाकर हासिल कर लिया। बाबर आजम ने 66 गेंदों पर नाबाद 110 रनों की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच रहे।

इस दौरान मोहम्मद रिजवान भी 51 गेंदों पर 88 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि उन्होंने इंग्लैंड की टीम को कुछ मौके दिए लेकिन उनको 23 रनों पर एलेक्स हेल्स ने ड्रॉप कर दिया। फिर 32 रनों पर स्टंप चांस मिस हो गया और 83 रनों पर उनका कैच मोइन अली ने छोड़ दिया।
दूसरी ओर बाबर आजम ने थोड़ी धीमी शुरुआत की लेकिन जब वे अपने खोल से बाहर आए तो उनकी बैटिंग देखने लायक रही। हालांकि पाकिस्तान के लिए एक खराब बात यह रही कि उसका मिडिल ऑर्डर टेस्ट नहीं किया जा सका। खेल में उसका बाकी डिपार्टमेंट कुछ खास करता नजर नहीं आया। हालांकि जीत एक आत्मविश्वास लेकर आई है।
इसके साथ ही सात मैचों की यह सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है और इसने बढ़िया क्रिकेट होने का वादा भी कर दिया है। इंग्लैंड अब पलटवार करना चाहेगी।
इससे पहले इंग्लैंड के स्टेंड-इन कप्तान मोइन अली ने तेज फिफ्टी लगाई थी और 199 रनों का टोटल पोस्ट करने में कामयाबी दर्ज कराई थी। मोइन ने 23 गेंदों पर 4 छक्कों की बदौलत 55 रनों की नॉट आउट पारी खेली।
नेशनल स्टेडिमय में इंग्लैंड ने ही टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था। अली के अलावा बेन डकेट (43), हैरी ब्रॉक (31) और एलेक्स हेल्स (30) ने पारियां खेली। इंग्लैंड ने अपने अंतिम 10 ओवरों में 119 रन बनाए। पाकिस्तान में 17 साल बाद दौरा करने वाली इंग्लिश टीम पहला मुकाबला 6 विकेट से जीतने में कामयाब रही थी।












Click it and Unblock the Notifications