प्रेस कॉन्फ्रेंस में बवाल! PAK रिपोर्टर ने पूछा एशिया कप 'दुश्मनी' का सवाल, भारतीय मैनेजर ने दिया जवाब
ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में आज भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच महामुकाबला खेला जा रहा है। इस हाई-वोल्टेज एक्शन से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमकर ड्रामा देखने को मिला। दोनों देशों के बीच जारी राजनीतिक तनाव और हाल ही में खत्म हुए एशिया कप के विवादों की तपिश महिला टीम के इवेंट तक भी पहुंच गई।
हालांकि, टीम इंडिया की मीडिया मैनेजर ने कड़ा रुख अपनाते हुए विवादित सवाल को तूल देने से रोक दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय गेंदबाजी कोच अविष्कार साल्वी मौजूद थे। इसी दौरान एक पाकिस्तानी पत्रकार ने उनसे एशिया कप में हुए विवादों का महिला टीम पर पड़ने वाले असर के बारे में सवाल पूछ लिया।

पत्रकार ने साल्वी से पूछा कि पुरुष टीम के एशिया कप में ट्रॉफी विवाद और हैंडशेक से इनकार जैसी 'कड़वाहट' क्या महिला टीमों के बीच भी आ सकती है, जबकि महिला टीम्स में अच्छी दोस्ती देखी जाती है?
दरअसल, एशिया कप में पुरुष टीम ने पाकिस्तान को तीन बार हराकर फाइनल जीता था, लेकिन बाद में टीम इंडिया के PCB और ACC अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी न लेने के विवादों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। पत्रकार ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सवाल वह कप्तान हरमनप्रीत कौर से पूछना चाहते थे, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में साल्वी से पूछ रहे हैं।
मैनेजर ने तुरंत किया हस्तक्षेप
जैसे ही पत्रकार ने अपना सवाल खत्म किया और अविष्कार साल्वी जवाब देने की तैयारी कर रहे थे, तभी भारतीय टीम की मीडिया मैनेजर ने तुरंत हस्तक्षेप किया और पत्रकार को ऐसे विषयों पर सवाल पूछने से मना कर दिया।
मीडिया मैनेजर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'बस एक रिमाइंडर- हमने कहा था कि हम पहला सवाल नहीं लेंगे, तो चलिए अगले सवाल की ओर बढ़ते हैं।' इस हस्तक्षेप के बाद उस विषय पर कोई चर्चा नहीं हो सकी। मैनेजर के इस कड़े रुख से यह स्पष्ट हो गया कि भारतीय टीम मैनेजमेंट मैदान से बाहर के राजनीतिक या विवादित मुद्दों से दूरी बनाए रखना चाहता है।
मैदान पर भारत का दबदबा
आज शाम दोनों टीमें जब मैदान पर उतरेंगी तो उनकी फॉर्म बिल्कुल विपरीत रही है। भारत ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 59 रनों से हराकर दमदार शुरुआत की है। वहीं, पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के खिलाफ संघर्ष करती दिखी और सात विकेट से हार गई।
आंकड़ों की बात करें तो महिला वनडे अंतर्राष्ट्रीय (ODI) मैचों में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर पूरी तरह भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए सभी 11 ODI मैचों में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि T20 फॉर्मेट में पाकिस्तान को सिर्फ तीन जीत मिली हैं। भारत की कोशिश होगी कि वह मैदान के बाहर के तनाव को हावी न होने दे और अपनी जीत के रिकॉर्ड को बरकरार रखे।












Click it and Unblock the Notifications