पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने किया खुलासा, एबी डिविलियर्स हैं उनके रोल मॉडल और पसंदीदा क्रिकेटर
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में अपने पसंदीदा क्रिकेटर और अपने रोल मॉडल के बारे में खुलासा किया है। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले बाबर आजम ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान को दिए इंटरव्यू में बताया है कि उनके पसंदीदा क्रिकेटर और उनके रोल मॉडल दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स हैं।

डिविलियर्स की तरह खेलने की करता हूं कोशिश- बाबर
बाबर ने इंटरव्यू के दौरान कहा है, 'एबी डिविलियर्स मेरे रोल मॉडल और पसंदीदा क्रिकेटर रहे हैं, उनकी बल्लेबाजी मुझे काफी पसंद आती है। करियर के शुरूआती पलों में मैं उनके बल्लेबाजी का वीडियो देखा करता था और मैदान में जाकर उनके शॉट्स ट्राई करता था। मैं उनकी तरह ही बल्लेबाजी करना पसंद करता था।'
करियर के शानदार दौर से गुजर रहे हैं बाबर
आपको बता दें कि बाबर आजम पिछले कुछ सालों से अपने करियर के शानदार दौर से गुजर रहे हैं। अपने खेल के साथ-साथ अपनी कप्तानी की वजह से भी उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। हाल ही में टी20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के हाथों हार गई थी, लेकिन वहां भी बाबर की कप्तानी की काफी तारीफ हुई थी।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आगाज करेगी पाकिस्तान
टी20 वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद पाकिस्तान की टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। 17 साल बाद ऐसा हो रहा है कि इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज खेलने आ रही है। इस दौरे पर इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमें तीन टेस्ट मैच खेलेंगी। यह दोनों टीमें ही टी20 विश्व कप के फाइनल में खेली थीं, जहां इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था।












Click it and Unblock the Notifications