IND vs SL: भारतीय टीम की जर्सी में हुआ एक बड़ा बदलाव, क्या है वह खास चीज जिसे किया गया शामिल
नये कोच और नए कप्तान के साथ भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर खेलने के लिए तैयार है। टीम इंडिया वहां सबसे पहले टी20 सीरीज में खेलने वाली है। इसके बाद एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। भारतीय टीम की कमान सबसे छोटे प्रारूप में सूर्यकुमार यादव के हाथों में है।
श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम की जर्सी पर कुछ नया देखने को मिलेगा। भारतीय टीम की टी20 प्रारूप वाली जर्सी पर कुछ अलग देखने को मिलने वाला है। वनडे की जर्सी में यह पहले से ही है। इस बदलाव के बाद खिलाड़ी और फैन्स दोनों को ही गर्व महसूस होने वाला है।

हाल ही में भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में खिताबी जीत दर्ज की है। इसके बाद टीम इंडिया का जोरदार स्वागत किया गया था। भारतीय टीम के प्रदर्शन में चार चाँद लगने के बाद अब जर्सी में भी एक चाँद लग गया है। भारतीय टीम की जर्सी में एक स्टार और जुड़ गया है।
टीम इंडिया की जर्सी में एक स्टार पहले से ही था। साल 2007 में टीम इंडिया ने टी20 प्रारूप का वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। इस वजह से टीम इंडिया की जर्सी में एक स्टार लगा हुआ था। अब दूसरी बार खिताबी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम की जर्सी में दो स्टार लग गए हैं और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज दो स्टार के साथ पहली सीरीज है।
एकदिवसीय प्रारूप में टीम इंडिया की जर्सी पर दो स्टार नज़र आते हैं। भारत ने वनडे में दो बार वर्ल्ड कप जीता है। इस वजह से ऐसा हुआ है। साल 1983 में टीम इंडिया ने कपिल देव की कप्तानी में वर्ल्ड कप का ख़िताब अपने नाम किया था। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 2011 में टाइटल अपने नाम किया था।
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी20 मुकाबला 27 जुलाई को खेला जाएगा, यह मैच पल्लेकेले में होगा, दोनों ही टीमों ने मुकाबले के लिए कमर कस ली है।












Click it and Unblock the Notifications