एक दिग्गज, एक युवा, एक अनुभवी, वसीम जाफर ने चुने T20 WC के लिए ये तीन भारतीय पेसर
नई दिल्ली, 21 जून: जैसे-जैसे टी20 विश्व कप 2022 नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे भारतीय टीम के लिए चयन की माथापच्ची बढ़ने जा रही है क्योंकि खिलाड़ियों का एक बहुत बड़ा पूल मौजूद है जिसमें एक पेचीदा काम यह है किसको चुना जाए किसको नहीं। फिलहाल हालत यह है 150 किलोमीटर प्रति घंटा का तेज गेंदबाज भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए मशक्कत कर रहा है।

आदर्श प्लेइंग इलेवन को चुनने की बारी
खेल के कई विशेषज्ञ इस बात को लेकर भविष्यवाणियां करने लगे हैं कि वर्ल्ड कप के लिए विभिन्न टीमों का संयोजन क्या हो सकता है। हाल ही में, भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने मल्टी-टीम प्रतियोगिता के लिए टीम इंडिया की अपनी आदर्श प्लेइंग इलेवन को चुना है, जो 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाली है।

जाफर ने तीन तेज गेंदबाजों को चुना है
इसके बाद भारत के एक अन्य पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने टी20 विश्व कप 2022 के लिए 'मेन इन ब्लू' के सीम गेंदबाजी विकल्पों पर अपने विचार साझा किए हैं। जाफर ने तीन तेज गेंदबाजों को चुना है, जो उनके अनुसार 20 ओवर के टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में पहली पसंद होंगे।
क्रिकेटर से विश्लेषक बने इस खिलाड़ी ने माना कि जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल पहले दो नाम होंगे, जबकि भुवनेश्वर कुमार तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में आएंगे। जाफर का कहना है कि भुवनेश्वर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई 5 मैचों की T20I श्रृंखला में जिस तरह से गेंदबाजी की है, उसी तरह भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

टॉप के दो बॉलरों में भुवनेश्वर का नाम नहीं लिया
भुवी टी20 में प्रोटियाज के खिलाफ शानदार थे। उनके गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' नामित किया गया था। भुवनेश्वर ने श्रृंखला में 14 ओवर गेंदबाजी की, छह से थोड़ी ऊपर की इकॉनमी से रन दिए और कुल छह विकेट लिए।
जाफर ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बातचीत के दौरान कहा, "मैं कहूंगा कि जिस तरह से भुवी (भुवनेश्वर) ने पूरी सीरीज में गेंदबाजी की, मुझे लगता है कि उन्होंने खुद को तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में पक्का कर लिया है।"

जसप्रीत बुमराह के साथ हर्षल पटेल को दी जगह
हालांकि उन्होंने बुमराह और हर्षल पटेल को नंबर एक और दो पर भुवनेश्वर से पहले चुना है। उन्होंने कहा, "जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल मेरी किताब में पहले दो हैं। मेरी राय में भुवी निश्चित रूप से तीसरे सीमर के रूप में एक है।"
इस तरह से वसीम जाफर ने दिग्गज जसप्रीत बुमराह को जगह दी जो बिल्कुल स्वाभाविक है। उन्होंने युवा हर्षल पटेल को भुवनेश्वर से ऊपर रखा जो थोड़ा दिलचस्प है और सबसे अनुभवी भुवनेश्वर को तीसरे गेंदबाज के तौर पर चुना।












Click it and Unblock the Notifications