जय शाह के बयान पर पूर्व पाकिस्तानी प्लेयर सलमान बट का रिएक्शन, चौंकने या चिंतिंत होने की जरूरत नहीं है
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने हाल ही में अपने एक बयान में कहा था कि 2023 एशिया कप के लिए टीम इंडिया पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी और टूर्नामेंट के मुकाबले किसी तटस्थ स्थान पर खेले जाएंगे। उनके इस बयान ने पाकिस्तान में खलबली मचा दी है। आम नागरिक के साथ-साथ पूर्व खिलाड़ी और यहां तक कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी बेचैन है। शाह के बयान पर पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी सलमान बट ने प्रतिक्रिया दी है।

क्या कहा सलमान बट ने?
सलमान बट ने कहा है कि जय शाह के बयान से चौंकने या फिर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि वास्तव में भारत इस वक्त पाकिस्तान में द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने का बिल्कुल भी इच्छुक नहीं है। सलमान बट ने यह भी कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत को पिछले कुछ समय में द्विपक्षीय क्रिकेट को बढ़ावा देने के कई निमंत्रण दिए गए हैं, जो उसने अनसुने कर दिए हैं, उन्हें वो निमंत्रण स्वीकार करने चाहिए थे, लेकिन वो लंबे समय से हमारे खिलाफ किसी तटस्थ स्थान पर ही मुकाबले खेल रहे हैं।
'राजनीति की वजह से क्रिकेट संबंध हो रहे हैं खराब'
सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर कहा कि भारत के इस फैसले से चौंकने या फिर चिंतिंत होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि किसी को खेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता, लेकिन तटस्थ स्थान पर भी खेलने का कोई मतलब नहीं है। बट ने आगे कहा कि दोनों देशों की राजनीति की बदौलत ही क्रिकेट संबंधों को भी खराब किया जा रहा है। सलमान बट के अलावा एक और पूर्व खिलाड़ी सईद अनवर ने भी भारत के इस रूक की कड़ी आलोचना की है।
2023 वर्ल्ड कप से पीछे हटेगा पाकिस्तान!
वहीं दूसरी तरफ जय शाह के बयान के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी 2023 वर्ल्ड कप से अलग हटने की धमकी दे चुका है, जो कि भारत में होना है। रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा लगातार उन विकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं जो जय शाह के बयान के बाद पाकिस्तान की ओर से पलटवार के तौर पर देखे जा सकें। पीसीबी भी इस बात पर विचार कर रहा है कि अगले साल भारत में होने वाले विश्व कप के लिए पाकिस्तान अपना नाम पीछे ले ले।












Click it and Unblock the Notifications