NED vs OMN: नीदरलैंड के लिए पंजाब के विक्रमजीत ने खेली शानदार शतकीय पारी, गेंदबाजों के छुड़ाए पसीने
Netherlands vs Oman: आईसीसी विश्व कप क्वालीफायर 2023 के सुपर सिक्स मुकाबले में आज नीदरलैंड बनाम ओमान के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। मैच नंबर 5 में ओमान ने नीदरलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस दौरान भारतीय मूल के विक्रमजीत सिंह ने नीदरलैंड की तरफ से शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी काबिलियत से सभी का परिचय करा दिया है।
भारत के पंजाब में जन्में विक्रमजीत सिंह ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर नीदरलैंड का स्कोर 363 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। विक्रमजीत जब तक क्रीज पर रहे नीदरलैंड, ओमान पर पूरी तरह से हावी रहा। इसके अलावा वेस्ले बर्रेसी (97 रन) की पारी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। नीदरलैंड के लिए विक्रमजीत सिंह के शानदार प्रदर्शन की जितनी तारीफ की जाए कम है। उन्होंने ओमान के खिलाफ वनडे करियर का पहला शतक जड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में जी तोड़ मेहनत की।

विक्रमजीत सिंह ने 102 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने मैक्स ओडॉड (35) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े। पहली पारी की शुरुआत में विक्रमजीत सिंह को संघर्ष करते हुए जरूर देखा गया था, लेकिन एक बार जब उन्होंने अपने हाथ खोले फिर अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया।
विक्रमजीत सिंह ने 5वें ओवर में विस्फोटक बल्लेबाजी की शुरुआत की। इस दौरान ओवर लेकर आए कलीमुल्लाह ने अच्छी और खराब दोनों तरह की गेंदें फेंकी, लेकिन विक्रमजीत सिंह ने लगातार दो चौके जड़कर उनका पूरा हिसाब बिगाड़ दिया। 18वें ओवर में कलीमुल्लाह ने कसी हुई गेंदबाजी की इस दौरान विक्रमजीत सिंह ने कई अच्छी लेंथ गेंदों को रोका। 17वें ओवर में विक्रमजीत ने अपना अर्धशतक पूरा किया।
विक्रमजीत सिंह ने 31वें ओवर में एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। उनकी की शानदार पारी मोहम्मद नदीम की गेंद पर फैयाज बट लपके जाने के साथ ही समाप्त हो गई। सिंह ने 109 गेंदों पर 110 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
विक्रमजीत का वनडे करियर
विक्रमजीत के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अपना पहला वनडे डेब्यू मैच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 29 मार्च, 2022 को खेला था। उन्होंने अब तक खेले गए 23 वनडे मैच में 33 की औसत से 750 से अधिक रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और चार अर्धशतक हैं। वनडे में उनका बेस्ट स्कोर 109 रन है।
ओमान प्लेइंग इलेवन
आकिब इलियास (कप्तान), कश्यप प्रजापति, जतिंदर सिंह, संदीप गौड़, शोएब खान, सूरज कुमार (विकेटकीपर), अयान खान, मोहम्मद नदीम, फैयाज बट, कलीमुल्लाह, बिलाल खान।
नीदरलैंड्स प्लेइंग इलेवन
स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओ'डॉउड, वेस्ले बर्रेसी, बास डी लीडे, तेजा निदामानुरु, साकिब जुल्फिकार, लोगान वैन बीक, रयान क्लेन, आर्यन दत्त, क्लेटन फ्लॉयड।












Click it and Unblock the Notifications