15 साल में पहली बार नाथन लायन ऑस्ट्रेलिया की टीम से बाहर, क्या करियर खत्म? सलेक्टर्स ने क्यों लिया कड़ा फैसला
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लायन के टेस्ट करियर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है। 2011 में टेस्ट डेब्यू करने के बाद यह पहला मौका है, जब लायन को ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम से बाहर रखा गया है।
हालांकि चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि यह उनके लंबे टेस्ट करियर का अंत नहीं होगा। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने अगले साल होने वाले भारत दौरे के लिए भी लायन की अहमियत बताई है।

577 विकेट लेने वाले लायन को क्यों किया गया बाहर?
नाथन लायन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 145 टेस्ट मैचों में 577 विकेट हासिल किए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में टीम के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में शामिल हैं। पिछले साल एशेज सीरीज के दौरान एडिलेड में हैमस्ट्रिंग चोट लगने के बाद से उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।
38 वर्षीय लायन की जगह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर कोरी रोचिओली को मौका दिया गया है। बेली ने स्वीकार किया कि लायन को टीम से बाहर रखने का फैसला आसान नहीं था।
भारत दौरे पर नाथन लायन की वापसी लगभग तय?
ऑस्ट्रेलिया को अगले साल भारत में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। बेली का मानना है कि अगर लायन खेलना जारी रखते हैं तो इस दौरे के लिए उनकी जगह लगभग तय है।
उन्होंने कहा कि भारत में लायन का रिकॉर्ड, अनुभव और परिस्थितियों की समझ उन्हें इस दौरे के लिए बेहद अहम बनाती है। बेली ने यह भी साफ किया कि चयनकर्ता नहीं चाहते कि लायन इस फैसले के बाद जल्दबाजी में संन्यास का निर्णय लें।
बेली ने बताया कि अब ऑस्ट्रेलिया परिस्थितियों के हिसाब से स्पिन गेंदबाजों का चयन करना चाहता है। कोरी रोचिओली के अलावा टॉड मर्फी, मैट कुहनेमन और मिचेल स्वेपसन भी टीम के विकल्प हैं। हालांकि भारत दौरे की बात आने पर लायन इन सबके ऊपर भारी पड़ते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
