मंडला के इतिहास में मैथिलों का योगदान अविस्मरणीय, राजपुरोहित से लेकर राजनीति और बौद्धिक नेतृत्व तक विशिष्ट पहच

मंडला और मैथिल समाज का संबंध केवल भौगोलिक प्रवास का इतिहास नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, साधना, संस्कृति, प्रशासन और राजनीतिक नेतृत्व की एक लंबी परंपरा का इतिहास है। मंडला के इतिहास का अध्ययन करने वाला कोई भी व्यक्ति यहां मैथिल समाज के योगदान को नजरअंदाज नहीं कर सकता।

मैथिल ब्राह्मणों की पहचान सदियों से भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन, न्यायशास्त्र, संस्कृत साहित्य, धर्मशास्त्र, तंत्र, मंत्र और शाक्त साधना से रही है। मिथिला केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारतीय बौद्धिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। यहां के विद्वानों ने देश के विभिन्न राजदरबारों में धर्म, दर्शन, ज्योतिष और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से अपनी विशिष्ट भूमिका निभाई।

-

मंडला के गोंड राजवंश के साथ मैथिल ब्राह्मणों का ऐतिहासिक संबंध भी इसी परंपरा का हिस्सा है। वर्ष 1916 में प्रकाशित आर.वी. रसेल और हीरालाल की पुस्तक The Tribes and Castes of the Central Provinces of India में मंडला के मैथिल ब्राह्मण परिवारों का गोंड राजाओं की सेवा में होने का उल्लेख मिलता है। पुस्तक में युद्ध के समय राजाओं की विजय की कामना के लिए मंत्र-जाप और राजा के अस्वस्थ होने पर धार्मिक अनुष्ठान करने की परंपरा भी दर्ज है।

हमारे पूर्वज गोंड राजपरिवार के राजपुरोहित रहे हैं। राजा दलपत शाह के समय से लेकर बाद की पीढ़ियों तक मैथिल ब्राह्मणों की राजपुरोहित परंपरा का इतिहास रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि मैथिल समाज का मंडला से संबंध किसी व्यापारिक गतिविधि से नहीं, बल्कि यहां की राजकीय, धार्मिक और सांस्कृतिक व्यवस्था से भी जुड़ा रहा है।

आजादी के बाद मंडला के राजनीतिक इतिहास में भी मैथिल समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1952 के पहले आम चुनाव से संबंधित स्थानीय ऐतिहासिक विवरणों में सुरेंद्र लाल झा का नाम विशेष रूप से लिया जाता है। उनके बारे में यह उल्लेख मिलता है कि उन्होंने राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले द्वारका प्रसाद मिश्र को चुनाव में पराजित किया था। इस चुनावी प्रसंग के मूल अभिलेखों का सत्यापन भी आवश्यक है।

इसके बाद श्रीमती नारायणी देवी झा ने मंडला की राजनीति में लगभग दो दशकों तक अपनी प्रभावशाली उपस्थिति बनाए रखी। उन्होंने 1957, 1962, 1967 और 1972 के विधानसभा चुनावों में विजय प्राप्त की। इस प्रकार लगभग बीस वर्षों तक मंडला के राजनीतिक नेतृत्व में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वर्ष 1977 के विधानसभा चुनाव में जनसंघ से जुड़े विजय दत्त झा ने उन्हें पराजित किया। इसी चुनावी दौर में परिसीमन के बाद मंडला विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हो गई। इसके बाद सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इस सीट से चुनाव लड़ने की राजनीतिक परिस्थितियां बदल गईं।

यह राजनीतिक इतिहास बताता है कि मंडला के सार्वजनिक जीवन में मैथिल समाज की भूमिका केवल धार्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोकतांत्रिक राजनीति और जनप्रतिनिधित्व में भी उसका उल्लेखनीय योगदान रहा है।

मैथिल समाज ने शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, प्रशासन, न्यायिक सेवाओं और सामाजिक गतिविधियों में भी अपनी पहचान बनाई है। आज भी यह समाज अपनी बौद्धिक परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और शैक्षणिक अभिरुचि के लिए जाना जाता है।

मेरा मानना है कि मंडला का इतिहास किसी एक समाज का इतिहास नहीं है। यह गोंड राजवंश की गौरवगाथा, रानी दुर्गावती के अदम्य साहस, आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न समुदायों के साझा योगदान से निर्मित हुआ है। इस इतिहास में मैथिल समाज की भूमिका को भी उसी सम्मान और ऐतिहासिक दृष्टि से देखा जाना चाहिए।

मंडला की प्राकृतिक संपदा, यहां की मछली, वन संपदा और सांस्कृतिक विविधता निश्चित रूप से इसकी पहचान हैं, लेकिन किसी समाज के ऐतिहासिक आगमन और योगदान को केवल किसी एक स्थानीय विशेषता से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। समाजों की पहचान उनके ऐतिहासिक योगदान, ज्ञान, संस्कृति और कर्म से बनती है।

मैथिल समाज को अपने इतिहास पर गर्व है। हमारी विरासत ज्ञान की है, हमारी परंपरा साधना की है और हमारा योगदान मंडला की सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनीतिक यात्रा का हिस्सा है। इस इतिहास को जानना, समझना और सम्मान देना आवश्यक है।

(लेखक स्वतंत्र पत्रकार एवं लेखक और विद्यापति फाउंडेशन के पूर्व अध्यक्ष व मिथिलांचल समाज संरक्षक हैं। आलेख में व्यक्त विचार उनके निजी हैं।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+