IPL से बैन के बाद अब PSL से भी बाहर हुए मुस्तफिजुर रहमान! बीच टूर्नामेंट में पाकिस्तान को दिखाया ठेंगा?
PSL 2026, Mustafizur Rahman: बांग्लादेश के स्टार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के लिए साल 2026 किसी बुरे सपने की तरह साबित हो रहा है। पहले भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक तनाव के चलते बीसीसीआई (BCCI) ने उन पर आईपीएल से प्रतिबंध लगा दिया था। अब घुटने की गंभीर चोट के कारण वे पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बचे हुए मुकाबलों से भी बाहर हो गए हैं।
केकेआर ने खेला था 9.20 करोड़ का दांव (PSL 2026, Mustafizur Rahman)
मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भारी-भरकम कीमत पर खरीदा था, लेकिन वे मैदान पर उतर ही नहीं सके। मुस्तफिजुर इस साल आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बने थे। केकेआर ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी उन पर 9 करोड़ तक की बोली लगाई थी।

इस वजह से आईपीएल से हुए बैन
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों के विरोध में बीसीसीआई ने इस सीजन में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर कड़े कदम उठाए। जिसके चलते मुस्तफिजुर को बैन का सामना करना पड़ा। उनकी जगह केकेआर ने जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया। आईपीएल से बैन होने के बाद मुस्तफिजुर लाहौर कलंदर्स के लिए खेलने पाकिस्तान पहुंचे थे।
पीएसएल से चोट के कारण हुए बाहर
5 मैचों में 6 विकेट लेने के बाद वे न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने स्वदेश लौटे थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने 5 विकेट लेकर अपनी लय दिखाई थी, लेकिन इसी दौरान उनके घुटने में गंभीर चोट लग गई। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उनकी चोट की गंभीरता को देखते हुए पीएसएल के अंतिम चरण के लिए दिया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) वापस ले लिया है। शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली लाहौर कलंदर्स के लिए यह बड़ा झटका है, जो फिलहाल पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है।
मुस्तफिजुर फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। चिंता की बात यह है कि मई में बांग्लादेश को पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की मेजबानी करनी है। अगर उनके घुटने की चोट में सुधार नहीं हुआ तो वे इस घरेलू सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications