Mumbai News: स्मृति मंधाना, जेमिमा और राधा यादव पर करोड़ों की बारिश! महाराष्ट्र सरकार ने ऐसे जीता फैंस का दिल
Mumbai News: मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में आईसीसी महिला वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भारतीय खिलाड़ियों की लगातार प्रशंसा की जा रही है। महिला क्रिकेट टीम की तीन अहम खिलाड़ियों को शुक्रवार यानी 7 नवंबर को महाराष्ट्र सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। मुंबई पहुंचने के बाद स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और राधा यादव को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने सम्मानित किया।
करोड़ों का इनाम के साथ मिला खास सम्मान (Mumbai News)
इन तीनों खिलाड़ियों को उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन की पहचान के तौर पर शॉल और गुलदस्ते के साथ-साथ हर खिलाड़ी को 2.25 करोड़ रुपये का चेक दिया गया। यह सम्मान समारोह भारतीय महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने और इन खिलाड़ियों के योगदान को सराहने के लिए आयोजित किया गया था। इस दौरान जेमिमा रोड्रिग्स के माता-पिता भी मौजूद थे।

तीनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन रहा दमदार
इन तीनों खिलाड़ियों का वर्ल्ड कप में प्रदर्शन शानदार रहा था। स्मृति मंधाना ने टीम की बैटिंग की कमान बखूबी संभाला। वह टूर्नामेंट में 434 रनों के साथ दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, उनका औसत 54.25 रहा। वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने सेमीफाइनल में सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 127 रनों की अविजित पारी खेलकर इतिहास रच दिया। यह पारी महिला वनडे रन चेज में किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
जेमिमा ने भी किया कमाल
इसके साथ ही जेमिमा विश्व कप नॉकआउट मुकाबले की सफल रन-चेज में शतक बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गईं। भारतीय टीम ने 2 नवंबर को नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था। इस यादगार फाइनल में शैफाली वर्मा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और दीप्ति शर्मा को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' घोषित किया गया था। खिताब जीतने के बाद मैदान पर पूर्व क्रिकेटर मिताली राज और झूलन गोस्वामी भी खिलाड़ियों के साथ जश्न में शामिल हुई थीं।












Click it and Unblock the Notifications