PSL में 24 घंटे भी नहीं टिका राइली रूसो का शानदार रिकॉर्ड, उस्मान खान ने 36 गेंदों में ठोक दिया सबसे तेज शतक
पीएसएल के एक मुकाबले में शनिवार मुल्तान सुल्तांस की ओर से उस्मान खान ने टूर्नामेंट की सबसे तेज सेंचुरी लगा दी। उस्मान ने 36 गेंदों में शतक लगा दिया।
पाकिस्तान सुपर लीग में आए दिन एक पे एक शानदार रिकॉर्ड बन रहे हैं और फिर वो टूट भी रहे हैं। ऐसा ही एक शानदार रिकॉर्ड शनिवार को क्वेटा ग्लेडियेटर्स और मुल्तान सुल्तांस के बीच मैच में ब्रेक हो गया। दरअसल, मुल्तान सुल्तांस के सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने टूर्नामेंट की सबसे तेज सेंचुरी जड़ दी। उस्मान ने अपनी ही टीम के साथी खिलाड़ी राइली रूसो का रिकॉर्ड ब्रेक किया, जो शुक्रवार को ही बना था। शुक्रवार को राइली रूसो ने पेशावर जालमी के खिलाफ मैच में 41 गेंदों में शतक ठोका था। शनिवार को उस्मान ने क्वेटा के खिलाफ 36 गेंदों में सेंचुरी जड़ दी। इस तरह रूसो का यह रिकॉर्ड 24 घंटे के अंदर ही ब्रेक हो गया।

उस्मान ने खेली अविश्वसनीय पारी
क्वेटा ग्लेडियेटर्स के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए उस्मान खान ने 36 गेंदों में शतक जड़ दिया। उस्मान खान 43 गेंदों में 120 रन बनाकर आउट हुई। इस दौरान उन्होंने 279.07 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 12 चौके और 9 छक्के लगाए। उस्मान का विकेट क्वेटा के गेंदबाज मोहम्मद नवाज ने लिया। उस्मान की इस अविश्वसनीय पारी की बदौलत मुल्तान सुल्तांस ने मैच को भी 9 रन से जीत लिया। हालांकि क्वेटा की टीम ने भी मुल्तान सुल्तांस को कड़ी टक्कर दी। क्वेटा को 263 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में क्वेटा की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 253 रन बना लिए थे और वो लक्ष्य से बस 9 रन दूर रह गई।

क्वेटा के बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम
क्वेटा ग्लेडियेटर्स की ओर से ओमेर यूसुफ ने 36 गेंदों में 67 रन की धुंआधार पारी खेली। उनके अलावा मार्टिन गुप्टिल ने 14 गेंदों में 37 रन और इफ्तिकार अहमद ने भी 31 गेंदों में 53 रन ठोक दिए थे। आखिर में उमर अकमल ने भी 10 गेंदों में 28 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिसकी बदौलत क्वेटा की टीम लक्ष्य के करीब तक पहुंच पाई। इस मुकाबले में मुल्तान सुल्तांस ने पाकिस्तान की सरजमीं पर किसी भी टी20 मैच में एक पारी का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 40 ओवर में 515 रन बना दिए। इस हाईस्कोरिंग मैच में चौके-छक्कों की जमकर बरसात हुई।

अब्बास अफरीदी ने ली टूर्नामेंट की पांचवी हैट्रिक
मुल्तान सुल्तांस की ओर उस्मान खान ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं गेंदबाजी में अब्बास अफरीदी ने पीएसएल के इतिहास की पांचवी हैट्रिक ले ली। अब्बास अफरीदी ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 47 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। हैट्रिक के अलावा अब्बास अफरीदी पीएसएल के इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजी भी बन गए। अब्बास अफरीदी के अलावा पीएसएल में मोहम्मद आमिर, जुनैद खान, इमरान ताहिर और मोहम्मद सामी हैट्रिक ले चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications