'शोले 2' बनाने को तैयार पंड्या-धोनी! जय-वीरू के अंदाज में तस्वीर पोस्ट कर जीता फैंस का दिल
Hardik Pandya meets MS Dhoni: हार्दिक पंड्या अक्सर महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। उन्होंने हाल ही में एक कमाल की तस्वीर शेयर की है।

Hardik Pandya meets MS Dhoni: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का आगाज 27 जनवरी से होना है। वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को पटखनी देने के बाद भारतीय टीम की कोशिश टी-20 सीरीज को भी अपने नाम करने की होगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज की कप्तानी हार्दिक पंड्या करेंगे। धोनी के शहर यानी की रांची में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। जिसके लिए भारतीय खिलाड़ी रांची पहुंच चुके हैं।

पंड्या ने शेयर की धोनी के साथ तस्वीर
भारतीय टीम के ऑलराउंडर और टी-20 कप्तान हार्दिक पंड्या पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की है। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई इस तस्वीर में पंड्या बाइक पर बैठे हैं जबकि धोनी उनके बगल में फिल्मी स्टाइल में पोज दे रहे हैं। हार्दिक ने सोशल मीडिया पर दो तस्वीर पोस्ट कर लिखा- शोले 2 आने वाली है। पंड्या की इस तस्वीर को फैंस खासा पसंद कर रहे हैं।

जय वीरू के अंदाज में नजर आए पंड्या-धोनी
जैसे अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की शोले फिल्म में जय वीरू के पास बाइक होती है, उसी तरह की बाइक पर धोनी-पंड्या भी बैठे नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह एमएस धोनी के बाइक्स के कलेक्शन में से एक है, लेकिन अभी इसकी पक्की जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पंड्या-धोनी को इस तरह देखकर फैंस इनकी दोस्ती की भी चर्चाएं कर रहे हैं।

टी-20 के लिए ऐसी है भारतीय टीम
पृथ्वी शॉ को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में मौका दिया गया है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वह प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की कर पाते हैं या नहीं? टी-20 के लिए ऐसी है भारतीय टीम- हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उप-कप्तान), इशान किशन रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक, शिवम मावी, पृथ्वी शॉ, मुकेश कुमार।












Click it and Unblock the Notifications