बिना दर्शकों के खेला जाएगा PSL, मोहसिन नकवी ने की 2 शहरों में आयोजन की घोषणा, किस वजह से लिया यह फैसला?
PSL 2026: दुनिया में कई जगह फ़िलहाल युद्ध चल रहे हैं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी स्थिति ठीक नहीं है। पाकिस्तानी सेना ने कई बार अफगानिस्तान में हमला किया है। इस बीच पाकिस्तान सुपर लीग के आयोजन पर तलवार लटकी थी, जिस पर पीसीबी हेड मोहसिन नकवी ने स्थिति साफ़ की है।
पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेहद भारी मन से ऐलान किया है कि इस बार का पीएसएल बिना दर्शकों के यानी बंद दरवाजों के पीछे खेला जाएगा। इतना ही नहीं, जो टूर्नामेंट पूरे पाकिस्तान में होने वाला था, उसे अब समेटकर सिर्फ दो शहरों तक सीमित कर दिया गया है।

मेरे पास नहीं है कोई रास्ता: नकवी
मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी आवाम से माफी मांगते हुए कहा कि मैं शर्मिंदा हूं कि फैंस को स्टेडियम से दूर रखना पड़ रहा है, लेकिन देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था। हालांकि नकवी ने आधिकारिक तौर पर ईंधन संकट और खर्च में कटौती का हवाला दिया है, लेकिन गलियारों में चर्चा तेज है कि सीमा पर बढ़ते तालिबानी तनाव और सुरक्षा खतरों ने पीसीबी के हाथ बांध दिए हैं।
सिर्फ 2 शहरों में सिमटा पूरा तमाशा
पहले यह टूर्नामेंट मुल्तान, रावलपिंडी और पेशावर जैसे शहरों में भी होना था, लेकिन अब सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स के नाम पर इसे सिर्फ दो वेन्यू तक सीमित कर दिया गया है। नकवी का कहना है कि अलग-अलग शहरों में टीम को ले जाना और सुरक्षा देना फिलहाल मुमकिन नहीं है। इवेंट सिर्फ लाहौर और कराची में आयोजित किया जाएगा।
फैंस का टूटा दिल, टिकटों का क्या होगा?
हजारों फैंस टिकट खरीद चुके थे, वे गुस्से में हैं। पीसीबी ने वादा किया है कि अगले 72 घंटों में सभी के पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि बिना शोर-शराबे और बिना फैंस के, क्या पीएसएल अपनी चमक बचा पाएगा? सोशल मीडिया पर लोग इसे पाकिस्तान क्रिकेट की कंगाली का सबसे बड़ा सबूत बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications