'पूरा क्रेडिट भैया के नाम', विराट तब ना देते साथ तो सिराज कैसे बनते आज नंबर वन ODI गेंदबाज
आज सिराज दुनिया के नंबर एक वनडे बॉलर बन चुके हैं। इस सफलता के बाद उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जहां पर सिराज ने अपने दिल की बातें कही हैं।

भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज आज एक अलग लेवल पर हैं। उनकी बॉलिंग इतनी लयबद्ध है कि कमी ढूंढने से नहीं मिलेगी। आज के समय में क्रिकेट की बेतहाशा संख्या के चलते बढ़ती चोटों ने ऐसे गेंदबाजों की डिमांड जगा दी है जो अपने एक्शन में स्मूद हों और लंबे समय तक बिना चोट के खेल सकें। भारत ने बुमराह और शमी को काफी चोटिल देख लिया है। शमी तो हर बार बेहतरीन वापसी कर लेते हैं लेकिन बुमराह के लिए लंबे समय तक खेलने दूर की कौड़ी नजर आने लगा है। ऐसे समय में सिराज का उभार भारतीय क्रिकेट के लिए तोहफे से कम नहीं। भारत के पास कपिल देव एक ऐसे तेज गेंदबाज थे जो चोटिल नहीं हुए।

दुनिया के नंबर 1 स्थान पर पहुंच गए मोहम्मद सिराज
अब लोग सिराज की ओर देख रहे हैं जो बुधवार (25 जनवरी) को वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में दुनिया के नंबर 1 स्थान पर पहुंच गए। इस साल वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए इस फॉर्मेट में सिराज की फॉर्म अहम होगी। 28 वर्षीय तेज गेंदबाज पिछले कुछ समय से सीमित ओवरों के क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए आग उगल रहे हैं। वे ना तो ज्यादा रन देते हैं और ना ही उनकी गेंदो पर विकेट रोकना अब बल्लेबाजों के लिए आसान है। सिराज को मिल रही मूवमेंट ही उनकी ताकत है। उन्होंने मेन इन ब्लू के लिए पिछले साल 50 ओवर के मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी के रूप में समाप्त किया, और 2023 में अब तक खेले गए पांच मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं।

कपिल देव और जसप्रीत बुमराह के बाद दूसरे बॉलर
सिराज ने वक्त के साथ अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाया है। हैदराबाद में जन्मे इस क्रिकेटर ने श्रीलंका (15 जनवरी) और न्यूजीलैंड (18 जनवरी) के खिलाफ लगातार चार विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका अदा की।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अब तक भारत के लिए 21 एकदिवसीय मैच खेले हैं। उनसे पहले केवल कपिल देव और जसप्रीत बुमराह ही वनडे में नंबर एक की रैंकिग पर पहुंचने वाले भारतीय तेज गेंदबाज हैं। सिराज वनडे गेंदबाज रैंकिंग में 729 रेटिंग अंक के साथ टॉप पर हैं।

सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को
दुनिया का नंबर 1 वनडे गेंदबाज बनने के बाद सिराज का एक पुराना वीडियो फिर सामने आया और इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। उस वीडियो में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज अपनी सफलता का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को दे रहे हैं। टीम इंडिया में आने से पहले सिराज आरसीबी का अहम हिस्सा थे। वहां पर विराट कोहली ने उनके मेंटर की भूमिका निभाई। कोहली का कद तब भारतीय क्रिकेट प्रशासन में भी बहुत ही बड़ा था। सिराज को उन्होंने ना केवल आईपीएल में लगातार बैक किया बल्कि वे गेंदबाज को इंटरनेशनल क्रिकेट की दुनिया में भी लेकर आए। सिराज के बारे में कहा जाता था कि इनको देखने वाला जान जाता था कि वे बहुत आगे तक जाएंगे। लेकिन क्रिकेट में इतने उतार-चढ़ाव आते हैं कि प्रतिभा को लगातार मौका देने वाला भी उतना ही अहम बन जाता है।
कंसिस्टेंसी की कमी के बावजूद बैक किया
सिराज ने कई बार इतनी खराब परफॉरमेंस दी कि उनकी जगह आईपीएल में भी नहीं बनती थी। तब कोहली ने उनकी कंसिस्टेंसी की कमी के बावजूद बैक किया और तमाम उतार-चढ़ाव देखने के बाद सिराज आज एक टॉप के भारतीय तेज गेंदबाज के तौर पर सबके सामने हैं। उस पुराने दौर में सिराज का केवल एक ही हीरो हुआ करता था और वे थे- विराट कोहली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए पुराने वीडियो में सिराज कह रहे हैं- मेरे खराब परफॉर्मेंस के बाद जब भैया ने मुझे बोल के, आरसीबी मैनेजमेंट ने जो मुझे बैक किया, जो मुझे रिटेन किया, सच कहूं तो जो भी अभी इस वक्त मैं हूं, पूरा क्रेडिट विराट भाई को जाता है।












Click it and Unblock the Notifications