वर्ल्ड कप साल में हर मैच खेलेंगे शमी या होगा 'वर्कलोड' मैनेज, कीवियो को समेटने के बाद किया खुलासा
शमी ने भी चोट के बाद बढ़िया वापसी की है साथ ही भारतीय टीम मैनेजमेंट वर्कलोड पर ध्यान दे रहा है। लेकिन ये वर्ल्ड कप साल है जहां शमी की मैच खेलने पर एक स्पष्ट राय है।

भारत में इस साल के अंत पर वनडे वर्ल्ड कप है जहां शमी एक प्रमुख गेंदबाज होंगे और मोहम्मद सिराज भी उनके साथ अहम भूमिका निभाएंगे। जसप्रीत बुमरात की चोट ने भारत को ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आगे बढ़ना है तो अन्य विकल्पों पर ध्यान देना होगा। बुमराह की गैर मौजूदगी में सिराज का उभार टीम इडिया के लिए सुखद संकेत है क्योंकि भारत के तेज गेंदबाजी के स्वर्णिम दौर में ईशांत शर्मा पहले ही बाहर हो चुके हैं और उमेश यादव केवल भारत में होने वाले टेस्ट मैच तक सीमित हो चुके हैं। बुमराह को जो चोट लगी है उसके चलते उनका करियर भी जल्द ही समाप्त होगा जैसा भारत के जवागल श्रीनाथ के साथ हुआ था।

चोट के बाद बढ़िया वापसी की
शमी ने भी चोट के बाद बढ़िया वापसी की है जहां उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में तीन विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। मोहम्मद शमी ने सुझाव दिया है कि वह विश्व कप वर्ष के दौरान अभ्यास की जगह प्रोपर मैच खेलना पसंद करेंगे। आप कितनी प्रैक्टिस कर लीजिए पर बड़े टूर्नामेंट की तैयारी के लिए मैच खेलना बेस्ट विकल्प है।
दूसरी ओर भारतीय टीम मैनेजमेंट वर्कलोड पर ध्यान दे रहा है और वे इसके लिए आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ करीब से मिलकर भी काम करेंगे ताकि विश्व कप के लिए अहम खिलाड़ियों को लीग के दौरान भी प्रोपर आराम देने पर ध्यान दिया जा सके। आईपीएल एक लंबा टूर्नामेंट हैं।

अभ्यास की जगह पर प्रोपर मैच खेलना पसंद
शमी ने पीटीआई के हवाले से कहा, "मैं हमेशा अभ्यास की जगह पर प्रोपर मैच खेलना पसंद करता हूं। किसी बड़े आयोजन के लिए तैयार होने के लिए अधिक से अधिक गेम खेलना हमेशा बेहतर होता है। वर्कलोड को ठीक से मैनेज किया जा रहा है।"
शमी ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि मुख्य खिलाड़ी (विश्व कप से पहले) अच्छी स्थिति में रहेंगे।"
शमी ने दूसरे मैच के बाद टॉप परफॉरमेंस देने के बाद कहा कि रायपुर विकेट नम था लेकिन अच्छी लाइन और लेंथ रखना जरूरी था और उस दिन सभी गेंदबाज इस मामले सटीक थे। हालांकि तेज गेंदबाज ने दावा किया कि परिस्थितियां गेंदबाजों के अनुकूल नहीं थीं जैसा की कीवियों का स्कोरकार्ड देखने के बाद मुगालता हो सकता है।

फिटनेस और डाइट पर काम करते रहना है
शमी ने कहा, "यह एक नम विकेट था, लेकिन अच्छी लाइन और लेंथ रखना महत्वपूर्ण था। सभी गेंदबाज अनुशासित थे और इसका रिजल्ट देख सकते हैं।"
शमी ने कहा, "परिस्थितियां उतनी अच्छी नहीं थीं, जितनी दिख रही थीं। वे जल्दी आउट हो गए, लेकिन परिस्थितियां गेंदबाजों के अनुकूल नहीं थीं। हमने मुश्किल लेंथ में गेंदबाजी करके उन्हें सस्ते में आउट कर दिया।"
शमी ने कहा कि वे सीनियर बॉलर होने के बाद दूसरे बॉलर से बात करने से पीछे नहीं हटते क्योंकि इससे उस गेंदबाज को कई बार फायदा हो सकता है।
शमी ने कहा, "टीम में आने के बाद से मेरी भूमिका नहीं बदली है (हंसते हुए)। केवल एक चीज है कि फिटनेस और डाइट पर काम करते रहना है।"












Click it and Unblock the Notifications