T20 WC: शमी को अब भी टीम इंडिया में मिल सकती जगह, स्क्वॉड में 10 अक्टूबर तक बदलाव की गुंजाइश
16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप के लिए भारत समेत कई देशों ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है।
नई दिल्ली, 17 सितंबर: 16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप के लिए भारत समेत कई देशों ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की वापसी हुई है, वहीं टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की अनदेखी की गई है। शमी को रिजर्व प्लेयर में रखा गया है। हालांकि विश्वकप से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हो सकता है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक शमी भारतीय विश्वकप टीम का हिस्सा बन सकते हैं। यही वजह है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। इन सीरीजों में शमी का शानदार प्रदर्शन उन्हें विश्वकप स्क्वॉड में जगह दिला सकता है।
Recommended Video

टी20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), दिनेश कार्तिक (विकेट कीपर), हार्दिक पांड्या, युजवेंद चहल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, आर आश्विन।
रिजर्व खिलाड़ी: दीपक चाहर, मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि विश्नोई।

ऑस्ट्रेलिया में शमी मददगार
इस बार टी20 विश्वकप ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा। वहां कि पिच तेज और सीम गेंदबाजों के लिए मददगार होती हैं। ऐसे में शमी को पिच से खासी मदद मिल सकती है। ऑस्ट्रेलिया में अच्छी बाउंस प्राप्त कर सकते हैं जो टीम इंडिया के लिए फायदेमंद होगा। इसके अलावा भारतीय तेज गेंदबाज अपनी रफ्तार से भी ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल सकते हैं। अभी भारतीय स्क्वॉड में तीन तेज गेंदबाजों को जगह मिली है। इनमें जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह शामिल हैं। बुमराह के अलावा किसी भी गेंदबाज की स्पीड 140 किमी से ज्यादा नहीं है।

10 अक्टूबर तक बदलाव की गुंजाइश
BCCI अधिकारी के मुताबिक विश्वकप शुरू होने से एक हफ्ते पहले यानी 10 अक्टूबर तक सभी टीमों को आखिर बार अपने 15 खिलाड़ियों की लिस्ट भेजनी है। ऐसे में अभी सभी देशों के पास अपने स्क्वॉड में बदलाव करने की गुंजाइश है। अगर शमी दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें भारतीय टीम में जगह मिल सकती है। हालांकि विश्वकप स्क्वॉड में बदलाव से पहले बीसीसीआई को टूर्नामेंट डायरेक्टर से अनुमति लेनी होगी।

शमी इन तो कौन आउट?
हाल ही में खत्म हुए एशिया कप 2022 में भारतीय टीम सुपर-4 के पहले दो मुकाबले हारकर बाहर हो गई। टूर्नामेंट में टीम को तेज गेंदबाजों की कमी खली। आवेश खान वायरल फीवर के कारण आखिरी के मैच नहीं खेल सके। भुवनेश्वर कुमार ने पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी की लेकिन वह डेथ ओवर्स में रन रोकने में नाकाम रहे। पाकिस्तान के खिलाफ 19वें ओवर में उन्होंने 19 तो श्रीलंका के खिलाफ 14 रन लुटाए। इसके चलते 20वें ओवर में बनाने के लिए ज्यादा रन ही नहीं बचे। विश्वकप से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगर भुवी का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहता है तो शमी उनकी जगह ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications