शाहिद अफरीदी ने वनडे टीम में सरफराज की वापसी का काटा पत्ता! कहा- मोहम्मद रिजवान हमारे मुख्य विकेटकीपर हैं
शाहिद अफरीदी ने सरफराज अहमद की वनडे टीम में वापसी की अटकलों को अभी खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि मोहम्मद रिजवान हमारे सीमित ओवरों के मुख्य विकेटकीपर हैं।

4 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 83 की औसत से 335 रन बनाने के बाद सरफराज ने अपनी धमाकेदार वापसी की घोषणा कर दी है। सरफराज ने इस दौरान तीन अर्द्धशतक और एक शतक भी लगाया है। सरफराज के इस प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान की टेस्ट टीम में मोहम्मद रिजवान की जगह पर खतरा मंडराने लगा है। हालांकि पाकिस्तान के अंतरिम चीफ सेलेक्टर शाहिद अफरीदी ने यह साफ कर दिया है कि मोहम्मद रिजवान ही टीम के मुख्य विकेटकीपर रहेंगे।
टी20 और वनडे में रिजवान हमारे मुख्य विकेटकीपर- अफरीदी
शाहिद अफरीदी ने सरफराज अहमद की वनडे टीम में वापसी की अटकलों को अभी खारिज किया है। आपको बता दें कि सरफराज के न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में किए गए प्रदर्शन के बाद उन्हें वनडे टीम में भी जगह दिए जाने की मांग होने लगी है, जिसे अभी शाहिद अफरीदी ने खारिज किया है। उन्होंने कहा है, "मैं बहुत खुश हूं कि सैफी ने वापसी की है और इतना शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन मोहम्मद रिजवान अभी उपलब्ध हैं और वह टी20 और वनडे फॉर्मेट में हमारे मुख्य विकेटकीपर हैं।"
सरफराज की वनडे में वापसी पर लगा ब्रेक!
शाहिद अफरीदी ने आगे कहा कि वैसे तो रिजवान हमारे मुख्य विकेटकीपर हैं, लेकिन अगर वो चोटिल या फिर थक जाते हैं तो हम अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे। अफरीदी ने कहा कि किसी खिलाड़ी के टेस्ट में किए गए प्रदर्शन को सीमित ओवरों के साथ नहीं मिलाना चाहिए। आपको बता दें कि अफरीदी ने यह बयान देकर एक तरह से सरफराज अहमद का वनडे टीम में वापसी का पत्ता काट दिया है। टेस्ट में किए गए शानदार प्रदर्शन के बाद यह माना जा रहा था कि 2023 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए सरफराज की वनडे टीम में भी वापसी हो सकती है। सरफराज अहमद को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में जगह नहीं दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications