मोहम्मद अजहरुद्दीन को बनाया राज्य मंत्री, पद मिलने के तुरंत बाद आई बड़ी प्रतिक्रिया
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शुक्रवार को तेलंगाना सरकार में राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। अजहरुद्दीन की एंट्री को कांग्रेस सरकार का रणनीतिक कदम माना जा रहा है, खासकर जुबिली हिल्स उपचुनाव के मद्देनज़र, जहां मुस्लिम मतदाताओं की अहम भूमिका है।
शपथ ग्रहण के बाद अजहरुद्दीन ने कहा कि मैं खुश हूं। मैं अपनी पार्टी के हाईकमान, जनता और अपने समर्थकों का धन्यवाद करता हूं। मंत्री बनना जुबिली हिल्स उपचुनाव से जुड़ा हुआ नहीं है। ये दोनों अलग-अलग बातें हैं। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं ईमानदारी से काम करूंगा और वंचित लोगों के उत्थान के लिए काम करूंगा। जी. किशन रेड्डी कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन मुझे किसी से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं।

उनके इस बयान को बीजेपी के आरोपों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें पार्टी ने कहा था कि अजहरुद्दीन की नियुक्ति मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के तहत आती है। वहीं कांग्रेस इसे समावेशी राजनीति और अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व के प्रतीक के तौर पर पेश कर रही है।
अभी यह साफ नहीं है कि अजहरुद्दीन को कौन-सा विभाग सौंपा जाएगा, लेकिन माना जा रहा है कि उन्हें खेल या अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications