World Cup: सेमीफाइनल के लिए रेडी हुए माइकल वॉन, पुराने दोस्त से शेविंग कराने के बाद दिया गजब का रिएक्शन
World Cup 2023: भारत की मेजबानी में हो रहे वनडे वर्ल्ड कप 2023 को लेकर फैंस का उत्साह अपने चरम पर है। हालांकि, अब टूर्नामेंट अपने अंतिम पड़ाव पर है, क्योंकि लीग फेज के सभी मुकाबले खत्म हो चुके हैं। टूर्नामेंट में अब सिर्फ तीन मैच ही बाकी हैं, जिनमें दो सेमीफाइनल और एक फाइनल है। ऐसे में दुनियाभर के कई क्रिकेट दिग्गज इन दिनों भारत में हैं, जिनमें से एक नाम इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन का भी है।
माइकल वॉन ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह मुंबई में अपनी दाढ़ी कटवाते नजर आ रहे हैं। वॉन ने अपनी पोस्ट के साथ लिखा, 'सोमवार को मेरे अच्छे दोस्त दीनदयाल के साथ ऑर्मिन्स्टन रोड पर शेविंग डे।' यह पहली बार नहीं है, जब वॉन यहां शेविंग कराने आए हैं, इससे पहले आईपीएल 2023 के दौरान भी वह दीनदयाल के यहां आ चुके हैं, जिसे लेकर उन्होंने पोस्ट भी की थी।

वॉन के द्वारा सड़क किनारे शेविंग कराने को लेकर फैंस ने उनकी काफी प्रशंसा की है। एक सोनू नाम के यूजर ने लिखा, 'यह एक सकारात्मक चीज है, जिसे मैंने आज देखा है। विदेशी लोग हमारे स्ट्रीट वर्कर्स के काम पर विश्वास जताते हैं और उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं।'
माइकल वॉन की पोस्ट से इतना तय है कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान सेमीफाइनल मुकाबला देखने के लिए तैयार हैं। वनडे वर्ल्ड कप 2023 में माइकल वॉन पाकिस्तानियों को जवाब देने को लेकर पहले से ही सुर्खियों में छाए हुए हैं। मालूम हो कि हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद हफीज ने विराट कोहली की आलोचना करते हुए उन्हें सेल्फिश प्लेयर बताया था। इसके बाद वॉन ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर क्लास दी थी। साथ ही एक तस्वीर भी पोस्ट की थी, जिसमें कोहली ने हफीज को आउट किया था।
कब खेले जाएंगे सेमीफाइनल मुकाबले
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मैच 15 नवंबर को वानखड़े स्टेडियम मुंबई में खेला जाएगा, जोकि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा। दूसरा सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा, जोकि 16 नवंबर 2023 को ईडन गार्डन्स कोलकाता में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications