बेकार गया सूर्यकुमार का संघर्ष, मुंबई को मिली लगातार चौथी हार, RCB ने लगाई जीत की हैट्रिक
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 18वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया, जहां पर सीजन की पहली जीत हासिल करने की तलाश में उतरी मुंबई इंडियंस की टीम का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हुआ। हालांकि मुंबई इंडियंस की टीम एक बार फिर से जीत का खाता खोल पाने में नाकाम रही और इस सीजन लगातार चौथे मैच में हार का सामना किया। वहीं पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने 15वें सीजन में लगातार तीसरे मैच में जीत हासिल करने का कारनामा किया और जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है।

मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 151 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में रॉयल चैलेजर्स बैंगलोर की टीम ने सलामी बल्लेबाज अनुज रावत (66), फाफ डुप्लेसिस (24) और विराट कोहली (48) की पारियों के दम पर आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया और 8 विकेट से मैच को अपने नाम कर लिया।
और पढ़ें: IPL 2022 में हार के चौके के बावजूद क्यों निराश नहीं हो सीएसके के फैन्स, राहत देता है यह आंकड़ा

मुंबई के गेंदबाजों को नहीं मिली सफलता
आरसीबी के लिये अनुज रावत ने आईपीएल का अपना पहला अर्धशतक लगाया और टीम को उस स्कोर पर पहुंचा दिया जहां से जीत हासिल करना महज खानापूर्ति रह गया था। अनुज रावत ने फाफ डुप्लेसिस के साथ पारी का आगाज करते हुए 50 रनों की साझेदारी की जिसे मुंबई के लिये अपना पहला मैच खेल रहे जयदेव उनादकट ने तोड़ने का काम किया और सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। इसके बाद रावत ने अपनी ताबड़तोड़ पारी को जारी रखा और विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिये 80 रनों की साझेदारी कर डाली। मुंबई के लिये डेब्यू कर रहे रमनदीप सिंह ने अपने जबरदस्त थ्रो के दम पर इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया और रावत को रन आउट कर वापस पवेलियन भेज दिया।

रावत ने लगाया आईपीएल का पहला अर्धशतक
अनुज रावत ने अपनी पारी के दौरान 47 गेंदों का सामना किया और 8 बाउंड्रीज के दम पर 67 रनों की पारी खेली। रावत ने इस दौरान 2 चौके और 8 छक्के लगाने का काम किया। अनुज रावत ने इस सीजन ही आरसीबी के लिये पारी का आगाज करना शुरू किया है और 3 पारियों में 47 रन बनाये थे। इस दौरान उन्होंने 26 रन की एक पारी पहले भी खेली थी लेकिन इस मैच में उन्होंने खुद को मिली शुरुआत को भुनाने का काम किया और अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक जड़ डाला। इस पारी के साथ ही अनुज रावत ने इस सीजन 114 रन बना लिये हैं।

अर्धशतक लगाने से चूके कोहली
वहीं विराट कोहली ने इस मैच में 36 गेंदों का सामना कर 5 चौकों की मदद से 48 रनों की पारी खेली और एक बार फिर से अर्धशतक लगाने से चूक गये। इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 50 रनों की साझेदारी की लेकिन अगले 29 रनों में उसने 6 विकेट खो दिये। यहां पर सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 68 रनों की पारी खेलकर टीम को शर्मनाक स्कोर पर सिमटने से बचाया और स्कोर को 151 तक पहुंचाया।












Click it and Unblock the Notifications