MI vs PBKS Weather: बरसेंगे रन या गिरेगी बारिश? मुंबई-पंजाब मैच की पिच और वेदर रिपोर्ट
MI vs PBKS Weather: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले से पहले मुंबई के लिए सबसे बुरी खबर रोहित शर्मा को लेकर आई है। आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में बल्लेबाजी के दौरान रोहित को हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद वह दर्द में दिखाई दिए थे। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित का पंजाब के खिलाफ आज के मैच में खेलना नामुमकिन जैसा है। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी और ओपनर का बाहर होना मुंबई के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है, क्योंकि टीम पहले ही जीत के लिए तरस रही है।
रोहित की गैरमौजूदगी में रिक्ल्टन, सूर्या और तिलक पर बल्लेबाजी का पूरा बोझ आ गया है। पंजाब किंग्स जैसी संतुलित टीम के सामने, जिसके पास बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण है, मुंबई को एक नई रणनीति के साथ उतरना होगा। रोहित सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं बल्कि मैदान पर एक मार्गदर्शक की भूमिका भी निभाते हैं, ऐसे में उनकी कमी को भरना कप्तान हार्दिक के लिए इस सीजन की सबसे बड़ी चुनौती होने वाली है।

कैसा रहेगा मुंबई का मौसम
अगर आप मैच देखने मैदान पर जा रहे हैं या टीवी के सामने बैठने वाले हैं, तो मौसम को लेकर बेफिक्र रहिए। 16 अप्रैल को मुंबई का आसमान बिल्कुल साफ रहने वाला है। हालांकि दिन के समय गर्मी और उमस थोड़ी ज्यादा रहेगी, लेकिन जैसे-जैसे सूरज ढलेगा और मैच शुरू होगा, तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी। बारिश की कोई गुंजाइश नहीं है, इसलिए खेल में किसी तरह की रुकावट नहीं आएगी। खिलाड़ी और फैंस पूरे 40 ओवर के रोमांच का आनंद ले सकेंगे, बस उमस के कारण दूसरी पारी में ओस का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
वानखेड़े की पिच का मिजाज
वानखेड़े स्टेडियम की पिच हमेशा से ही बल्लेबाजों की पहली पसंद रही है और इस मैच में भी कुछ अलग नहीं होने वाला। यहाँ की पिच सपाट है और बाउंड्री छोटी होने के कारण रनों का अंबार लगना तय है। पिछले मैचों में देखा गया है कि यहां 200 से ज्यादा का स्कोर भी सुरक्षित नहीं है। गेंदबाजों के लिए यहां गलती की कोई जगह नहीं है, थोड़ी सी भी खराब गेंद सीधे स्टैंड में जाएगी। जो टीम टॉस जीतेगी, वह ओस के फैक्टर को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी ताकि लक्ष्य का पीछा करना आसान हो सके।
सीजन में मुंबई का अब तक का सफर
इस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक काफी निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक खेले गए चार मैचों में से केवल एक में जीत दर्ज की है, जबकि पिछले तीन मैचों में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा है। गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज का विकेट न ले पाना टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर उभरा है। टीम पॉइंट्स टेबल में काफी नीचे खिसक गई है और अगर उन्हें प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है, तो पंजाब के खिलाफ मैच जीतना होगा।












Click it and Unblock the Notifications