एक ओवर में 5 छक्के जड़ होल्डर-स्टॉयनिस ने बदली LSG की सूरत, मावी के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 53वां मैच पुणे के एमसीए मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर करो या मरो के मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का सामना लखनऊ सुपरजाएंटस से हुआ। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन उतार चढ़ाव भरी बल्लेबाजी के चलते लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 176 रनों का स्कोर खड़ा किया है।

लखनऊ सुपरजाएंटस की पारी की बात करें तो क्विंटन डिकॉक (50) और दीपक हुड्डा (41) की पारी के दम पर विस्फोटक शुरुआत की थी लेकिन केकेआर की टीम ने आंद्रे रसेल (2 विकेट) और सुनील नरेन की गेंदबाजी के दम पर जबरदस्त वापसी करते हुए लखनऊ की बल्लेबाजी पर लगाम लगा दी। टीम के हरफनमौला खिलाड़ी मार्कस स्टॉयनिस (28) और जेसन होल्डर (13) ने 19वें ओवर में 5 छक्के लगाकर मैच का रुख बदल दिया और लेकिन आखिरी ओवर में टिम साउथी ने फिर से शानदार गेंदबाजी करते हुए महज 4 रन दिये और लखनऊ को सिर्फ 176 रन पर रोक दिया।
और पढ़ें: KKR vs LSG: करो या मरो के मैच में कोलकाता को लगा झटका, जानें क्यों बाहर हुए उमेश यादव
इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज शिवम मावी ने बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उल्लेखनीय है कि पारी का 19वां ओवर शिवम मावी करने आये थे जिनकी पहली 3 गेंदों पर मार्कस स्टॉयनिस ने डीप मिडविकेट की दिशा में लगातार 3 बड़े छक्के लगाने का काम किया, हालांकि चौथी गेंद पर स्टॉयनिस कप्तान श्रेयस अय्यर के हाथों बाउंड्री पर कैच आउट हो गये। पांचवी गेंद पर बल्लेबाजी करने आये जेसन होल्डर ने डीप स्क्वॉयर लेग और छठी गेंद पर लॉन्ग ऑफ की दिशा में लगातार 2 छक्के लगाकर 30 रन बटोर लिये।
इस ओवर के चलते शिवम मावी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज बन गये हैं। गौरतलब है कि केकेआर के लिये इससे पहले एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड 29 रन था जो कि शिवम मावी के ही नाम था। साल 2018 में मावी ने यह ओवर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फेंका था, वहीं पर इसी साल उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 28 रन का भी ओवर फेंका था।
और पढ़ें: रोहित शर्मा के छक्के ने गैंडों को दिलाये 5 लाख रुपये, जानें क्या था कारण
इस एक ओवर के चलते शिवम मावी का गेंदबाजी स्पेल जो 3 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट था वो 50 रन पर खत्म हुआ। वहीं केकेआर के लिये हर्षित राणा भी काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने 2 ओवर में 27 रन लुटा दिये। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने कप्तान केएल राहुल का विकेट बिना गेंदे खेले रन आउट के जरिये गंवा दिया, जिसके बाद क्विंटन डिकॉक और दीपक हुड्डा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 6.1 ओवर में 71 रन जोड़ डाले।
क्विंटन डिकॉक ने महज 29 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों के दम पर 50 रनों की पारी खेली तो वहीं पर दीपक हुड्डा ने 27 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों के दम पर 41 रन बनाये। क्रुणाल पांड्या ने भी 27 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया जिसके चलते लखनऊ की टीम 176 रन पर पारी को समाप्त कर सकी।












Click it and Unblock the Notifications