'मैंने अपने परिवार से किसी को खो दिया है', गम में डूबे कुलदीप यादव, फैंस के साथ शेयर किया दर्द
Border-Gavaskar Trophy, Kuldeep Yadav: बांग्लादेश के खिलाफ अपनी अगली सीरीज से पहले भारतीय टीम ब्रेक पर है। भारतीय खिलाड़ी इस सीरीज से पहले फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहे हैं। स्टार स्पिनर कुलदीप यादव भी इन दिनों परिवार के साथ वक्त गुजार रहे हैं। कुलदीप यादव अपने परिवार के साथ मेलबर्न में छुट्टियां मना रहे हैं।
बहुत गहरा था रिश्ता
इस दौरान कुलदीप यादव मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड भी पहुंचे और सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की। कुलदीप यादव MCG का दौरा करते समय भावुक नजर आए। खासकर जब उन्होंने अपने आदर्श दिवंगत शेन वॉर्न की प्रतिमा के साथ पोज दिया। दो साल पहले वॉर्न के निधन को याद करते हुए कुलदीप ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे उन्होंने अपने परिवार के किसी सदस्य को खो दिया हो, क्योंकि उनका मानना है कि उनके बीच बहुत गहरा रिश्ता था।

'मैंने अपने परिवार से किसी को खो दिया है
कुलदीप यादव ने कहा कि शेन वॉर्न मेरे आदर्श थे और मेरा उनसे बहुत गहरा रिश्ता था। जब भी मैं वॉर्न के बारे में सोचता हूं, तो भावुक हो जाता हूं। ऐसा लगता है जैसे मैंने अपने परिवार के किसी सदस्य को खो दिया है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिनरों में से एक शेन वॉर्न का 2022 में थाईलैंड में छुट्टियां मनाते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह अपनी गेंदबाजी के लिए प्रसिद्ध थे, उन्होंने टेस्ट मैचों में 708 विकेट और एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) में 293 विकेट लिए थे।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को लेकर बोले कुलदीप
टीम इंडिया इस साल के आखिर में 5 टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली है। कुलदीप यादव ने इस आगामी मुकाबले को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा कि मैं बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं और हम इस साल ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच एक शानदार क्रिकेट मुकाबले की उम्मीद कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications