IND vs BAN: बल्ले में है दम! ईशान किशन ने उठाया मौके का जबरदस्त फायदा, केएल राहुल ने बांधे तारीफों के पुल
India vs Bangladesh 3rd ODI, KL Rahul: बांग्लादेश के खिलाफ भारत को आखिरकार वनडे मैचों में जीत हासिल हुई। शनिवार को खेले गए सीरीज के अंतिम मैच में टीम मे शानदार प्रदर्शन कर मैच अपने नाम किया।
India vs Bangladesh 3rd ODI, KL Rahul: भारतीय युवा बल्लेबाज ईशान किशन की जबरदस्त 210 रनों की पारी की बदौलत भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। बांग्लादेश ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम भले ही कर लिया हो, लेकिन आखिरी मैच से भारतीय टीम को कई अच्छी चीजें सीखने को मिली। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद भारत को उनकी तरह ही एक नया विस्फोटक ओपनर मिल गया है।

ईशान किशन बने मैन ऑफ द मैच
भारतीय टीम की ओर से जीत के हीरो रहे ईशान किशन को उनकी जबरदस्त पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। किशन ने 131 गेंदों में 24 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 210 रन बनाए। किशन की इस पारी की बदौलत भारत 400 से अधिक रनों का टारगेट देने में सफल रहा, जिसे बांग्लादेश हासिल करने में नाकाम रही। ईशान किशन की बल्लेबाजी से कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान केएल राहुल भी बेहद खुश हैं।

राहुल ने की किशन की खूब तारीफ
केएल राहुल ने मैच के बाद ईशान किशन की जमकर तारीफ की। भारत की जीत के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में केएल राहुल से जब टीम की जीत को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर अपनी बात रखी। केएल राहुल ने कहा कि हमारी टीम से यही उम्मीद थी। विराट और ईशान ने कमाल की बल्लेबाजी की। ईशान ने मिले मौके का भरपूर फायदा उठाया और दोनों हाथों से इस अवसर को अपने नाम कर लिया।

विराट ने भी किया अपने अनुभव का इस्तेमाल
केएल राहुल ने ईशान किशन के साथ-साथ विराट कोहली की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोहली का मैदान पर होना किशन के लिए अच्छा रहा। उन्होंने पूरे पारी के दौरान अपने अनुभव का इस्तेमाल किया। इसके अलावा बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने भी ईशान किशन की पारी को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि किशन और विराट की धमाकेदार बल्लेबाजी के कारण हमें मैच में हार झेलना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications