केएल राहुल का पांच नंबर बल्लेबाजी करते हुए औसत है सबसे अच्छा, प्रभावित करने वाले हैं उनके आंकड़े
केएल राहुल ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में 75 रन की नाबाद पारी खेली थी। राहुल ने जडेजा के साथ मिलकर अर्द्धशतकीय साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारत आसानी से मैच जीत सका।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले पहले वनडे में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में भारत के लिए सबसे अच्छी बात यह रही कि टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल फॉर्म में आ गए। हालांकि केएल राहुल इस मैच में बतौर ओपनर नहीं बल्कि बतौर विकेटकीपर खेले थे और उन्हें पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला था। केएल राहुल ने पांचवे नंबर पर बैटिंग करते हुए 91 गेंदों में 75 रन की नाबाद पारी खेली। केएल राहुल ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 1 छक्का भी लगाया।

फॉर्म में लौटे केएल राहुल
आपको बता दें कि केएल राहुल लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे थे, जिसकी वजह से उन्हें लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा रहा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट के लिए उन्हें पहले तो उपकप्तानी से हटाया गया था और उसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से भी ड्रॉप कर दिया गया था, लेकिन वनडे में उन्हें मौका दिया गया, जिसे उन्होंने अच्छे से भुनाया। केएल राहुल ने पांचवे नंबर पर बैटिंग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन के बाद अब इस बात की चर्चा जोरों पर है कि क्या राहुल की टीम में जगह उसी स्थान पर बनेगी? रोहित शर्मा के टीम में आने के बाद ओपनिंग रोहित और गिल करेंगे फिर ऐसे में राहुल कहां बैटिंग करेंगे ? यह बड़ा सवाल है।

पांच नंबर पर केएल राहुल का औसत है सबसे अच्छा
वैसे पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल के प्रदर्शन को देखा जाए तो आंकड़े बताते हैं कि वो इस पोजिशन पर सफल रहे हैं। केएल राहुल ने पांच नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 17 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 56.38 की औसत से 733 रन बनाए हैं। राहुल का इस पोजिशन पर औसत सबसे अच्छा है। इतना ही नहीं पांच नंबर पर केएल राहुल का औसत किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे बेहतर औसत है। पांच नंबर पर राहुल 99 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हैं। पांच नंबर पर केएल राहुल ने 1 शतक लगाया है और 7 हाफ सेंचुरी जड़ी हैं। इस पोजिशन पर बैटिंग करते हुए राहुल 4 बार नॉटआउट रहे हैं।

अन्य बैटिंग ऑर्डर पर केएल का परफॉर्मेंस
वहीं बतौर ओपनर केएल राहुल ने 23 वनडे खेले हैं, जिसमें उनका औसत 43.57 का है। राहुल ने ओपनिंग करते हुए 915 रन बनाए हैं। ओपनर के रूप में राहुल ने तीन शतक और 6 अर्द्धशतक लगाए हैं और वो 2 बार नॉटआउट रहे हैं। केएल राहुल ने ओपनिंग और पांच नंबर के अलावा तीन नंबर, चार नंबर और 6 नंबर पर भी बैटिंग की है। तीन नंबर पर केएल राहुल ने 3 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 77 रन बनाए हैं। चार नंबर पर राहुल ने 6 वनडे खेले हैं। यहां भी उन्होंने 209 रन बनाए हैं। इस पोजिशन पर राहुल ने एक शतक भी लगाया है। वहीं 6वें स्थान पर राहुल ने 1 वनडे खेला है, जिसमें उन्होंने 11 रन की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications