टी-20 क्रिकेट के 'सिक्सर किंग' बने Kieron Pollard, धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Kieron Pollard World Record: टी-20 क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शुमार कीरोन पोलार्ड ने एक बार फिर क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है। अबू धाबी में खेले जा रहे ILT20 लीग में एमआई एमिरेट्स (MI Emirates) की कप्तानी करते हुए पोलार्ड ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है, जिसे तोड़ना दिग्गजों के लिए भी बड़ी चुनौती होगा। दुबई कैपिटल्स के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए पोलार्ड टी20 क्रिकेट के इतिहास में बतौर कप्तान 300 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
धोनी और रोहित को इस मामले में पछाड़ा (Kieron Pollard World Record)
पोलार्ड ने इस मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। अब तक किसी भी कप्तान ने टी20 फॉर्मेट में 300 छक्कों का आंकड़ा नहीं छुआ था। पोलार्ड ने अपनी इस पारी के दौरान न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। अब वह बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

31 गेंदों में बनाए नाबाद 44 रन
दुबई कैपिटल्स के खिलाफ मैच में पोलार्ड ने सिर्फ 31 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। इस पारी की सबसे खास बात 15वां ओवर रही, जिसमें पोलार्ड ने वकार सलाम की जमकर धुलाई की। उन्होंने इस एक ओवर में 4 छक्के और 1 चौके की मदद से कुल 30 रन बटोरे। इस तूफानी बल्लेबाजी ने एमआई एमिरेट्स को 8 विकेट से एकतरफा जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही उन्होंने यह रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
एमएस धोनी टी20 में बतौर कप्तान 100, 150, 200 और 250 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी थे। लेकिन अब धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज अपनी टीमों की कप्तानी छोड़ चुके हैं, ऐसे में पोलार्ड का यह रिकॉर्ड लंबे समय तक अटूट रह सकता है। पोलार्ड के नाम टी20 क्रिकेट में कुल 980 छक्के हो गए हैं और वह क्रिस गेल (1056 छक्के) के बाद दुनिया में दूसरे नंबर पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications