'मुझे ऐसा लग रहा है कि मेरी दुनिया खत्म हो गई है', पत्नी के सामने फूट-फूटकर रो पड़े थे करुण नायर
Ind vs Eng, Karun Nair: भारतीय क्रिकेटर करुण नायर ने हाल ही में अपने जीवन के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि साल 2022 में, जब उन्हें कर्नाटक टीम से बाहर कर दिया गया तब वे अपनी पत्नी सनाया टंकरीवाला के जन्मदिन पर रो पड़े थे। करुण ने बताया कि उसी दिन उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि डियर क्रिकेट, मुझे एक और मौका दो।
पत्नी के सामने फूट-फूटकर रो पड़े (Karun Nair Interview)
यह ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ और लोगों ने उनके जज्बे की तारीफ की। नायर ने कहा कि वे अपनी पत्नी के साथ जन्मदिन मना रहे थे, लेकिन उनके मन में बहुत दर्द था। जैसे-तैसे उन्होंने पार्टी में खुद को संभाला, लेकिन जब घर लौटे, तो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि मुझे ऐसा लग रहा है कि मेरी दुनिया खत्म हो गई है।

संघर्ष के दिनों को किया याद
करुण नायर ने भारत के लिए साल 2017 में आखिरी टेस्ट खेला था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक (303)* लगाया था, लेकिन फिर भी उन्हें टीम में बनाए नहीं रखा गया। साल 2018 में इंग्लैंड दौरे पर उन्हें हनुमा विहारी की जगह लाया गया और उन्हें बैटिंग का मौका भी नहीं मिला। इसके बाद उनके घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन में गिरावट आई और धीरे-धीरे उन्हें नजरअंदाज किया जाने लगा। जब कर्नाटक टीम ने भी उन्हें बाहर कर दिया, तब कोई और टीम उन्हें मौका देने को तैयार नहीं थी।
8 साल बाद हुई भारतीय टीम में वापसी
करुण ने कहा कि मेरे बेटे का जन्म हाल ही में हुआ था, लेकिन मैं अंदर से पूरी तरह खो चुका था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करना है। लेकिन करुण नायर ने हार नहीं मानी। पिछले 12 महीनों में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया और हर टूर्नामेंट में टॉप स्कोरर्स में रहे। इसका नतीजा ये हुआ कि उन्हें 8 साल बाद दोबारा भारतीय टीम में मौका मिला है।
वे अब इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एक अभ्यास मैच में दोहरा शतक भी जड़ा है, जिससे उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह लगभग तय मानी जा रही है। करुण ने कहा कि मैं अब कभी हार नहीं मानूंगा। मैं जानता हूं कि मैं अच्छा खिलाड़ी हूं और मुझे खुद पर भरोसा है।












Click it and Unblock the Notifications