केन विलियमसन को लखनऊ सुपर जायंट्स में किया गया शामिल, आगामी IPL के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी
Kane Williamson: लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से आगामी आईपीएल के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। केन विलियमसन को टीम में शामिल करते हुए एक अहम जिम्मेदारी सौंप दी गई है। केन विलियमसन के आने से टीम की रणनीति में मजबूती और बदलाव आने की उम्मीद है।
विलियमसन को लखनऊ सुपर जायंट्स में रणनीतिक सलाहकार के रूप में लाया गया है। दक्षिण अफ्रीका में विलियमसन संजीव गोयनका की स्वामित्व वाली टीम डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेल चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स में उनके आने से नीलामी में भी रणनीति देखने को मिलेगी।

कीवी खिलाड़ी को यह बड़ी जिम्मेदारी इस वजह से मिली है क्योंकि वह उन क्रिकेटर्स में शामिल हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड का वार्षिक अनुबंध स्वीकार नहीं किया था। दुनिया भर की लीग में खेलने के लिए विलियमसन ने यह फैसला लिया था, इस वजह से उनके पास लखनऊ से जुड़ने का मौका था।
विलियमसन बैकरूम स्टाफ में शामिल हो गए हैं, जिसमें पहले से ही एक और बड़ा बदलाव देखा गया है। केकेआर के साथ अपने चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले भरत अरुण गेंदबाजी कोच के रूप में शामिल हुए हैं। आने वाले समय में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
आईपीएल में विलियमसन बतौर खिलाड़ी काफी लंबे समय तक खेले हैं। उन्होंने साल 2015 से लेकर 2025 तक इस लीग में हिस्सा लिया है। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने के अलावा उन्होंने वहां कप्तानी की और ऑरेंज कैप भी हासिल की।
हैदराबाद से खेलने के बाद विलियमसन को गुजरात टाइटंस में भी शामिल किया गया था। इसके बाद उनको अगले सीजन बाहर कर दिया गया। गुजरात के लिए भी वह एक मैच खेलकर चोटिल हो गए थे और वापस नहीं आए थे। 2025 आईपीएल के लिए हुई मेगा नीलामी में विलियमसन अनसोल्ड रहे थे। अब वह रणनीतिक सलाहकार के रूप में काम करते हुए लखनऊ का प्रदर्शन सुधारने का प्रयास करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications