जय शाह के बयान पर PCB की प्रतिक्रिया, '2023 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की भारत यात्रा हो सकती है प्रभावित'
BCCI सचिव जय शाह ने हाल ही में यह ऐलान किया था कि 2023 एशिया कप के लिए टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी और टूर्नामेंट के मैच किसी तटस्थ स्थान पर खेले जाएंगे। जय शाह के इस बयान के बाद से पाकिस्तान में खलबली मच गई है और पाकस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शाह के इस बयान पर प्रतिक्रिया दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी की ओर से कहा गया है कि भारत का यह फैसला 2023 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम के भारत जाने को प्रभावित कर सकता है।

क्या कहा है पीसीबी ने?
पीसीबी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ACC के अध्यक्ष श्री जय शाह के द्वारा दिए बयान पर पीसीबी ने ध्यान दिया है, हम उनके द्वारा की गई टिप्पणी से काफी आश्चार्यचकित और निराश हैं। पीसीबी ने कहा कि जय शाह ने किसी चर्चा और परामर्श के बिना ही इतना बड़ा फैसला ले लिया है, जिसके दीर्घकालिक परिणाम देखने को मिलेंगे।
पीसीबी ने आपात बैठक बुलाने का किया आग्रह
इस बीच जानकारी यह भी है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) से एक आपात बैठक बुलाने का आग्रह किया है, जिसमें जय शाह के बयान पर चर्चा होगी। पीसीबी की ओर से कहा गया है कि इस तरह के बयान एशियाई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदायों को विभाजित कर सकते हैं और 2023 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की भारत यात्रा को भी प्रभावित कर सकते हैं।
रमीज राजा ले सकते हैं सख्त फैसला
आपको बता दें कि जय शाह के बयान के बाद मंगलवार को यह खबरें आई थीं कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी 2023 वर्ल्ड कप से हटने पर विचार करना शुरू कर दिया है। पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा के कुछ करीबियों ने मीडिया को यह जानकारी दी थी। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन भारत में होगा, जो 2011 के बाद होने जा रहा है।
23 अक्टूबर को भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान
आपको बता दें कि दोनों मुल्कों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध लंबे समय से बंद हैं। भारत और पाकिस्तान की टीमें या तो आईसीसी के इवेंट में भिड़ती हैं या फिर एशिय कप के मुकाबलें में इन दोनों टीमों के मैच होते हैं। हाल ही में यूएई में आयोजित एशिया कप में भारत-पाकिस्तान का मैच हुआ था और अब 23 अक्टूबर को टी20 वर्ल्ड कप में यह दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।












Click it and Unblock the Notifications