'ईशान किशन को भारत के लिए वर्ल्ड कप में ओपनर होना चाहिए,' ऑस्ट्रलिया से आया बयान
बांग्लादेश में दोहरा शतक जड़ने के बाद ईशान किशन का कद और ऊँचा हो गया है। ईशान किशन को वर्ल्ड कप में ओपनर बनाने के सुझाव आ रहे हैं।

Brett Lee on Ishan Kishan: ईशान किशन ने बांग्लादेश में वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ने के बाद काफी सुर्खियाँ बटोरी। क्रिकेट पंडित उनको भविष्य का स्टार भी मानते हैं। उनकी क्षमता को देखते कई तरह की बातें कही जा रही है। कई लोगों ने उनको भविष्य में भारतीय टीम का स्थायी ओपनर भी माना है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ब्रेट ली ने भी अब ईशान किशन को लेकर एक बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आगामी वनडे वर्ल्ड कप में ईशान किशन की भूमिका को लेकर बयान दिया है।

ओपन करने के लिए ईशान का दावा मजबूत
बांग्लादेश में जड़े दोहरे शतक को लेकर ब्रेट ली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि ईशान किशन ने उस पारी से वनडे वर्ल्ड कप में ओपन करने का दावा मजबूत कर लिया है। उन्होंने वनडे इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक जमाया है। अगर वह अगले कुछ समय तक इसी तरह फिट रहते हैं तो भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज होना चाहिए। उनको वनडे वर्ल्ड कप में ओपन करना चाहिए।

ईशान किशन को फोकस करना होगा
ब्रेट लीग ने ईशान किशन को एक अहम सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि दोहरा शतक जड़ने के बाद किशन को उत्साहित नहीं होते हुए गेम पर फोकस करना होगा। जितना जल्दी हो सके, ईशान किशन को दोहरे शतक के बारे में भूल जाना चाहिए। उनको अपने दोहरे शतक की ख़ुशी को भूलना होगा। अभी उनको फिटनेस पर ध्यान देते हुए फिट रहना है और काफी रन बनाने हैं। उनके लिए यही सही चीज होगी।

ईशान किशन का दोहरा शतक कमाल का था
ब्रेट ली ने कहा कि मैं ईशान किशन की पारी पर थोड़ा देर से अपनी प्रतिक्रिया दे रहा हूँ। उन्होंने जो कमाल किया है, बांग्लादेश के पास उसका कोई जवाब नहीं था। चारों तरफ शॉट जड़ते हुए उन्होंने निर्दयी होकर गेंदबाजों की धुनाई की और दोहरा शतक जमा दिया। उनकी पारी अविश्वसनीय थी। उनके पास तिहरा शतक जड़ने का मौका था और वह ऐसा कर सकते थे। सामने विराट कोहली खड़े थे। इससे उनको मदद मिलती।












Click it and Unblock the Notifications