IPL 2022 के सबसे महंगे खिलाड़ी ने मैदान पर खोया आपा, कर दी यह शर्मनाक हरकत
मुंबई, अप्रैल 17। आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के लिए अभी तक कुछ भी अच्छा नहीं रहा है। टीम को 6 मैच खेलने के बाद भी पहली जीत की तलाश है तो वहीं टीम के कप्तान का फॉर्म सबसे बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। ऐसे में टीम के युवा खिलाड़ी भी मैदान पर हताश नजर आ रहे हैं और अपना आपा खो रहे हैं। जी हां, ऐसा ही एक नजारा शनिवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपरजॉयंट्स के बीच हुए मुकाबले में देखने को मिला।

ईशान किशन ने निकाला मैदान पर गुस्सा
दरअसल, इस मैच में अपना आपा खोने वाले खिलाड़ी का नाम है ईशान किशन, जो कि पिछले कई मैचों से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं और जब शनिवार के मैच में उनका खराब फॉर्म जारी रहा तो उन्होंने गुस्सा मैदान पर ही निकाला। हुआ यूं कि ईशान किशन जब तेज गेंदबाज स्टॉयनिस की गेंद पर आउट हो गए तो उन्होंने मैदान से बाहर जाते वक्त अपना गुस्सा बाउंड्रा लाइन पर निकाला। ईशान किशन ने अपने बल्ले से जोर से बाउंड्री लाइन पर हिट किया। ईशान की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे बिके थे ईशान
आपको बता दें कि ईशान किशन आईपीएल 2022 के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन अभी तक के 6 मुकाबलों में ईशान के बल्ले से रन नहीं निकले हैं। टीम के कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने वाले ईशान का फॉर्म भी लगातार खराब चल रहा है तो वहीं रोहित शर्मा भी आउट ऑफ फॉर्म में है, इसलिए टीम को अच्छी शुरुआत ही नहीं मिल पाना टीम की हार का कारण बन रहा है। शनिवार के मैच में भी ईशान किशन ने 17 गेंदें खेलकर सिर्फ 13 रन बनाए थे।

2018 से मुंबई के लिए खेल रहे हैं ईशान
आपको यह भी बता दें कि ईशान किशन मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी रहे हैं और इसीलिए मुंबई ने उन्हें दिल खोलकर पैसा खर्च कर खरीदा था। पिछले सीजन की बात करें तो ईशान ने 2020 की लीग के 14 मुकाबलों में 516 रन बनाए थे और वो मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। 2018 की नीलामी में ईशान को मुंबई ने 6.2 करोड़ रुपए में खरीदा था।
ये भी पढ़ें: 'मेरी वजह से हारी मुंबई', लगातार छठी हार के बाद क्यों रोहित ने कही ये बात












Click it and Unblock the Notifications