'मैंने किसी धर्म के बारे में कुछ नहीं बोला,' इरफ़ान पठान ने क्यों दी सफाई? बेहद गंभीर है मामला
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने उनके नाम से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित फर्जी बयानों पर नाराजगी जताई है। 41 वर्षीय पूर्व ऑलराउंडर ने साफ कहा कि उन्होंने कभी किसी धर्म के खिलाफ गलत बात नहीं कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम से प्रसारित किसी भी बयान पर भरोसा करने या उसे आगे साझा करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें।
इरफान ने इंस्टाग्राम पर अपनी बात रखते हुए कहा कि कुछ लोग बिना किसी सबूत के उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि उन्हें ज्यादा से ज्यादा व्यूज मिल सकें। उन्होंने ऐसे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो खबर सीधे उनकी ओर से न आई हो, उस पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए।

उन्होंने लिखा कि मेरे नाम का इस्तेमाल करके बिना किसी सबूत के फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं, सिर्फ व्यूज पाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। मैं सभी से अपील करता हूं कि ऐसी बातों पर विश्वास न करें और उन्हें शेयर न करें। अगर कोई खबर सीधे मेरी ओर से नहीं आई है, तो उस पर भरोसा न करें।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी धर्म के बारे में अपमानजनक बात नहीं कही। उन्होंने लोगों से किसी भी दावे को सच मानने या फैलाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करने का आग्रह किया। हालांकि यह सामने नहीं आया कि पठान के नाम से धर्म को लेकर क्या दावे फैलाए जा रहे थे।
इरफान पठान इन दिनों संयुक्त अरब अमीरात में चल रही विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में भारत चैंपियंस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भारत के लिए लगभग एक दशक तक खेलने वाले इरफान ने 29 टेस्ट, 120 एकदिवसीय और 24 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
उनकी यह सफाई ऐसे समय आई है जब WCL का तीसरा सत्र भारत-पाकिस्तान क्रिकेट विवाद के कारण भी चर्चा में है। पाकिस्तान चैंपियंस ने इस बार टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत से पिछले सत्र की घटनाओं को लेकर लिखित माफी की मांग की थी, जिसे आयोजकों ने स्वीकार नहीं किया।


Click it and Unblock the Notifications
