Irani Cup 2022-23: रेस्ट ऑफ इंडिया की जीत में चमके यशस्वी जायसवाल, MP को 238 रनों से हराया
Irani Cup 2022-23 में यशस्वी जायसवाल के जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम ने मध्यप्रदेश को ईरानी कप फाइनल के पांचवे दिन मसलकर रख दिया और 238 रनों से मुकाबला जीत लिया।

ईरानी कप 2022-23 में रेस्ट ऑफ इंडिया ने मध्य प्रदेश (ROI vs MP) को हरा दिया है। इस जीत में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का प्रदर्शन कमाल का रहा जिन्होंने पहली पारी में डबल और दूसरी में सिंगल सेंचुरी लगाई। इसके साथ ही उनकी टीम को 238 रनों की जीत मिली है और ट्रॉफी को रिटेन करने में सहायता मिली है। (Photo- BCCI Domestic Twitter)
मध्य प्रदेश की टीम 437 रनो के टारगेट का पीछा करते हुए 198 रनों पर ढेर हो गई और मैच पांचवे दिन के पहले सेशन में ही समाप्त हो गया। एक तरफ जहां बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में घटिया पिचों ने क्रिकेट पंडितों के टेस्ट जायके को खराब कर दिया है तो वहीं ईरानी कप के दौरान ग्वालियर की पिच एक उदाहरण बनकर उभरी है जहां पर हर किसी के लिए कुछ ना कुछ मदद मौजूद थी।
इस मैच में चार शतक लगे और 40 विकेट भी गिरे जो रोहित शर्मा जैसे कप्तान के लिए कड़ा सबक है। रोहित ने कहा कि पाटा विकेटों पर नतीजे नहीं मिलते इसलिए हम लोग ऐसी टर्निंग पिचें बनाकर आप दर्शकों के लिए नतीजा निकाल रहे हैं और टेस्ट को दिलचस्प बना रहे हैं। जबकि एक तरफ बेन स्टोक्स हैं जो पिच की जगह क्रिकेट खेलने के अंदाज से टेस्ट को मनोरंजक बनाने की बात कहते रहे हैं।
मध्य प्रदेश की दूसरी पारी में तेज गेंदबाजी के साथ स्पिनरों को भी मदद मिली। सीमर मुकेश कुमार, अतीत शेठ ने दो-दो विकेट लिए और नवदीप सैनी को 1 विकेट मिला जबकि स्पिनर पुलकित नारंग को 2 विकेट विकेट, बाए हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार को 3 विकेट हासिल हुए।
पहली पारी में 213 और दूसरी में 144 रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया है। मुकाबले में एमपी ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए थे। वैसे भी उनके पास जीत का कोई चांस नहीं था।
जायसवाल ने अवॉर्ड लेते हुए कहा कि, अगर मैं पहले दिन नाबाद रहता तो मैं 300 कर लेता और वो ज्यादा बेहतर होता। मैंने ईश्वरन के साथ बढ़िया साझेदारी की और उनके साथ बैटिंग करना बेहतरीन रहा।
अभिमन्यू ईश्वरन ने इस मैच में 154 रन बनाए। एक और अच्छी बात ये रही कि चोट के चलते भारतीय टीम से बाहर हो चुके नवदीप सैनी ने अब मैच फिटनेस सही मायनों में हासिल की जिन्होंने मैच में पूरी स्पीड के साथ 29 ओवर फेंके।
दूसरी ओर ईश्वरन ने बताया है कि वे भविष्य के ओपनर के तौर पर क्यों देखे जा रहे हैं। उनकी तकनीक ठोस है जिसकी इस समय भारत को सख्त जरूरत है। बस उनको बंगाल के लिए सख्त मौकों पर रन बनाने की जरूर जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications