IPL Mein Aaj Kiska Match Hai: आईपीएल में आज किसका मैच है- DC vs RR
आईपीएल 2025 का मैच नंबर 32 आज यानी 16 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस दौरान मेजबान दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) का सामना राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) से होगा। मैच निर्धारित समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
एक ओर अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली अपनी पिछली हार से उबरने की कोशिश करेगी, वहीं दूसरी ओर राजस्थान की टीम इस सीजन की अपनी उठापटक भरी फ़ॉर्म को संभालना चाहेगी।

सीजन की पहली चार जीतों के बाद दिल्ली कैपिटल्स का पांचवीं जीत की तरफ बढ़ना लगभग तय लग रहा था। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में दिल्ली को 42 गेंदों में 61 रन चाहिए थे और 6 विकेट बचे थे। लेकिन टीम ने 12 रन से मैच गंवा दिया।
करुण नायर दिल्ली की नई उम्मीद
इस हार ने टीम को झटका जरूर दिया, लेकिन करुण नायर (Karun Nair) की 89 रन की पारी ने नई उम्मीद जगा दी। उन्होंने 40 गेंदों में 222 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, बुमराह को आखिरी पावरप्ले ओवर में दो छक्के भी जड़े।
राजस्थान के साथ हार-जीत की लुका-छिपी
राजस्थान रॉयल्स का सफर अभी तक रोलरकोस्टर जैसा रहा है। 6 मैचों में 4 हार और 2 जीत। शुरुआत में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स से हार, फिर चेन्नई और पंजाब के खिलाफ शानदार जीत, लेकिन अब फिर से गुजरात और बेंगलुरु के हाथों हार। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए राजस्थान को अब जीत की लय पकड़नी ही होगी।
टीम कॉम्बिनेशन पर नज़र: करुण बनाम मैकगर्क
दिल्ली की ओपनिंग जोड़ी को लेकर हलचल है। अगर फाफ डु प्लेसिस (Faf du Plessis) फिट होकर लौटते हैं, तो जेक फ्रेजर-मैकगर्क (Jake Fraser-McGurk) को बाहर बैठना पड़ सकता है। उनका प्रदर्शन अब तक खास नहीं रहा - एक पारी छोड़ दें तो सिर्फ सिंगल-डिजिट स्कोर। वहीं करुण नायर ने मौका मिलने पर खुद को साबित कर दिया है। दिल्ली ने पिछले मैच में सिर्फ तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेला और करुण को 'इम्पैक्ट प्लेयर' बनाकर भेजा गया, जो तुरुप का इक्का साबित हुआ।
हेड-टू-हेड में मामूली बढ़त राजस्थान के नाम
आईपीएल इतिहास में अब तक दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच कुल 29 मुकाबले हो चुके हैं। इनमें राजस्थान ने 15 बार जीत दर्ज की है, जबकि दिल्ली ने 14 बार जीत हासिल की है। यानी आंकड़े बेहद करीबी हैं, लेकिन एक जीत की मामूली बढ़त संजू सैमसन की टीम के पास है।
हालांकि बात अगर अरुण जेटली स्टेडियम दिल्ली की करें तो यहां DC का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें यहां 9 बार भिड़ी हैं, जिनमें से दिल्ली ने 6 मैच जीते हैं और राजस्थान सिर्फ 3। यानी घरेलू मैदान पर दिल्ली थोड़ा ज़्यादा आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।
2022 से अब तक के मुकाबलों की बात करें तो राजस्थान ने 5 में से 3 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि दिल्ली सिर्फ 2 ही मैच जीत सकी है। मतलब हाल के दिनों में भी राजस्थान ने दिल्ली पर थोड़ा दबदबा बनाए रखा है।
राजस्थान रॉयल्स टीम: यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, नितीश राणा, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश थीक्षाना, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे, कुमार कार्तिकेय, शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह चरक, फजलहक फारूकी, कुणाल सिंह राठौड़, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, अशोक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी।
दिल्ली कैपिटल्स टीम: जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, समीर रिजवी, दर्शन नालकांडे, डोनोवन फरेरा, दुष्मंथा चमीरा, फाफ डु प्लेसिस, टी. नटराजन, अजय जादव मंडल, त्रिपुराना विजय, मनवंत कुमार एल, माधव तिवारी।












Click it and Unblock the Notifications