IPL 2026: अंगकृष को आउट देने में अंपायर ने कहां की गलती? नियमों के चक्कर में भूल गए एक कॉमन बात
IPL 2026: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मुकाबले में अंगकृष रघुवंशी का ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड आउट होना चर्चा का विषय बना हुआ है। अंपायर ने नियम की किताब खोलकर तकनीकी रूप से तो उन्हें दोषी मान लिया, लेकिन इस फैसले में एक ऐसी कॉमन सेंस की बात छूट गई, जो खेल की भावना और इंसान की शारीरिक गति से जुड़ी है।
थर्ड अंपायर का तर्क था कि रघुवंशी ने अपनी लाइन बदली। लेकिन हकीकत यह है कि जब कोई एथलीट तेज गति से दौड़ रहा होता है और उसे अचानक वापस मुड़ना पड़े, तो वह 90 डिग्री के कोण पर तुरंत नहीं मुड़ सकता।

शरीर के संतुलन को बनाए रखने के लिए किसी भी इंसान को एक छोटा कर्व या गोलाई लेकर ही मुड़ना पड़ता है। यह भौतिकी का साधारण नियम है कि दौड़ते हुए अचानक मुड़ने पर पैर और शरीर का वजन एक तरफ झुकता है, जिससे खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से थोड़ा बाहर की ओर जाता है। जिसे अंपायर ने जानबूझकर बदली गई दिशा माना, वह दरअसल दौड़ते हुए इंसान की स्वाभाविक शारीरिक प्रतिक्रिया थी।
अंपायर खुद वहां होते तो क्या करते?
क्रिकेट की पिच पर लिए जाने वाले फैसलों में अक्सर इरादे को देखा जाता है। अगर खुद अंपायर भी उस समय रघुवंशी की जगह होते और उसी रफ्तार से दौड़ रहे होते, तो उनके पास भी कोई जादू की छड़ी नहीं होती कि वे सीधे खंभे की तरह मुड़ जाएं। उन्हें भी उसी तरह गोलाई में घूमकर ही वापस आना पड़ता। मैदान पर थ्रो से बचने के लिए या संतुलन बनाने के लिए लिया गया वह घुमाव एक एथलीट की मजबूरी है, न कि फील्डिंग में बाधा डालने की कोई सोची-समझी साजिश। वीडियो में ऐसा कहीं नहीं दिखा कि वह जानबुझकर थ्रो को रोक रहे हैं।
क्या खेल की सहजता खत्म हो रही है?
तकनीकी रूप से अंपायर सही हो सकते हैं, लेकिन क्या क्रिकेट को सिर्फ नियमों की व्याख्या से ही चलाया जाना चाहिए? रघुवंशी का मामला यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या अंपायर यह भूल गए कि मैदान पर रोबोट नहीं, इंसान खेल रहे हैं।
अंगकृष का आउट मानवीय समझ की हार
बल्लेबाज को फील्ड में बाधा पहुंचाने का दोषी मान लेना आसान है, लेकिन यह समझना कठिन है कि एक खिलाड़ी बिना अपनी गति बिगाड़े या गिरे बिना किसी घुमाव के वापस कैसे लौटे। रघुवंशी का आउट होना नियम की जीत तो हो सकती है, लेकिन यह खेल की स्वाभाविक गति और मानवीय समझ की हार जैसा नजर आता है।












Click it and Unblock the Notifications