'घर कब आओगे', CSK ने धोनी के लिए चलाया 'बॉर्डर 2' का गाना, क्या IPL 2026 में आखिरी बार दिखेंगे थाला?
IPL 2026 CSK Border 2: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 (IPL 2026) की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। क्रिकेट जगत की नजरें एक बार फिर 'थाला' यानी महेंद्र सिंह धोनी पर टिक गई हैं। शनिवार को पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी अपने घरेलू मैदान रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) स्टेडियम में अभ्यास करते नजर आए। धोनी के साथ उनके पुराने साथी और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी भी मौजूद थे।
IPL के लिए धोनी ने की ट्रेनिंग शुरू (IPL 2026 CSK Border 2)
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए हुए पांच साल से अधिक समय हो चुका है। लेकिन आईपीएल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बरकरार है। शनिवार को अभ्यास सत्र के दौरान धोनी ने नेट्स पर लंबा समय बिताया। इस दौरान वे JSCA के सचिव सौरभ तिवारी के साथ चर्चा करते और अपने गियर चेक करते दिखे। धोनी का टूर्नामेंट से महीनों पहले अभ्यास शुरू करना इस बात का संकेत है कि वे अपनी मैच फिटनेस और लय को लेकर बेहद गंभीर हैं।

क्या धोनी का होगा आखिरी आईपीएल
धोनी के इस अभ्यास सत्र का एक वीडियो चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसने फैंस के बीच हलचल मचा दी है। वीडियो के बैकग्राउंड में 'बॉर्डर 2' का चर्चित गाना 'घर कब आओगे' इस्तेमाल किया गया है। इस गाने को सुनकर कुछ फैंस ऐसी अटकलें लगा रहे हैं कि ये धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।
पिछले साल ऐसा रहा था प्रदर्शन
IPL 2025 चेन्नई सुपर किंग्स के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा था। पांच बार की चैंपियन टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही थी। 14 मैचों में टीम केवल 4 जीत दर्ज कर पाई थी। व्यक्तिगत रूप से धोनी के लिए भी पिछला सीजन चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने 13 पारियों में 24.50 की औसत और 135.17 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए थे। ऋतुराज गायकवाड़ की चोट के कारण कुछ मैचों में कप्तानी संभालने के बावजूद, वे टीम की किस्मत नहीं बदल सके थे।












Click it and Unblock the Notifications