IPL 2026: बेंगलुरु चिन्नास्वामी स्टेडियम के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानें एंट्री-एग्जिट, नो-पार्किंग जोन
IPL 2026: आईपीएल 2026 के मुकाबलों को लेकर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन इसके साथ ही शहर के ट्रैफिक को संभालना भी बड़ी चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बेंगलुरु सिटी ट्रैफिक पुलिस ने 28 मार्च और 5 अप्रैल के मैचों के लिए खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
मकसद साफ है-भीड़ को कंट्रोल करना, जाम से बचाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना। अगर आप मैच देखने जा रहे हैं, तो ये जानकारी आपके बहुत काम आने वाली है।

किन सड़कों पर पार्किंग पूरी तरह बंद?
मैच के दिन स्टेडियम के आसपास कई अहम सड़कों पर गाड़ी पार्क करना पूरी तरह मना रहेगा। इसमें क्वींस रोड, एम.जी. रोड और कब्बन रोड जैसी व्यस्त सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा राजभवन रोड, रेस कोर्स रोड, कस्तूरबा रोड, सेंट मार्क्स रोड और विट्ठल मल्ल्या रोड जैसे इलाके भी नो-पार्किंग ज़ोन में रहेंगे। खास बात ये है कि कब्बन पार्क के अंदर भी कहीं गाड़ी खड़ी करने की इजाज़त नहीं होगी।
यहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा
घबराने की जरूरत नहीं है-पुलिस ने कुछ जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की है। आप सेंट जोसेफ स्कूल ग्राउंड, फ्रीडम पार्क मल्टी-लेवल पार्किंग, गरुड़ मॉल, शिवाजीनगर बस स्टैंड और यूबी सिटी जैसे तय किए गए स्थानों पर गाड़ी पार्क कर सकते हैं। ये सुविधाएं सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
एंट्री और एग्जिट का रूट समझ लें
स्टेडियम में एंट्री के लिए अलग-अलग गेट तय किए गए हैं-जैसे कब्बन रोड, क्वींस रोड और अनिल कुंबले सर्कल की तरफ से। वहीं बाहर निकलने के लिए सिर्फ गेट E-09 और E-9A का इस्तेमाल होगा। VIP और खिलाड़ियों के लिए अलग गेट रखा गया है, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
पिक-अप और ड्रॉप की खास व्यवस्था
अगर आप कैब या किसी को छोड़ने/लेने आ रहे हैं, तो माणिकशॉ परेड ग्राउंड और बी.आर.वी. ग्राउंड पर खास पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं। इससे स्टेडियम के बाहर बेवजह की भीड़ और जाम कम करने में मदद मिलेगी।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि अगर संभव हो तो अपनी गाड़ी छोड़कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। खासकर नम्मा मेट्रो और BMTC बसें आपके लिए सबसे आसान और तेज विकल्प हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications