IPL 2026: सिर्फ 3 खिलाड़ियों ने राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ़ में पहुंचाया, कौन हैं ये तीनों धाकड़ प्लेयर्स
IPL 2026: आईपीएल 2026 के रोमांचक लीग स्टेज का समापन हो चुका है और राजस्थान रॉयल्स ने शान से प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। इस पूरे सीजन में टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन तीन मुख्य स्तंभों ने हर संकट में टीम की नैया पार लगाई। लीग स्टेज के सभी 14 मैचों के आधिकारिक आंकड़े इस बात की पूरी गवाही देते हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में मुंबई इंडियंस को पराजित करते हुए टॉप चार में जगह हासिल कर पंजाब किंग्स और केकेआर दोनों टीमों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। राजस्थान रॉयल्स को टॉप चार तक लाने वाले तीन सितारों के बारे में आपको जानना चाहिए।

वैभव सूर्यवंशी का धमाल
इस ऐतिहासिक सफलता के पहले महानायक युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी साबित हुए हैं, जिन्होंने इस सीजन में बल्लेबाजी की नई परिभाषा लिखी है। वैभव ने 14 मुकाबलों की 14 पारियों में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए कुल 583 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 232.27 का रहा, जिसमें उन्होंने एक शानदार शतक, 3 अर्धशतक और रिकॉर्ड 53 छक्के जड़े हैं।
ध्रुव जुरेल ने निभाई जिम्मेदारी
मध्यक्रम में टीम को संभालने की पूरी जिम्मेदारी भरोसेमंद बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने बखूबी निभाई, जो टीम के दूसरे सबसे बड़े हीरो रहे। जुरेल ने सभी 14 मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 458 रन जोड़े हैं। 149.67 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट और 5 अर्धशतकों की मदद से उन्होंने फिनिशर और संकटमोचक दोनों भूमिकाओं में खुद को साबित किया है।
जोफ्रा आर्चर की रफ्तार
गेंदबाजी विभाग में रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे घातक हथियार साबित हुए हैं, जिन्होंने विरोधी बल्लेबाजों को पूरी तरह ध्वस्त किया। आर्चर ने इस सीजन के 14 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 21 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने 52 ओवरों में 8.76 की इकॉनमी और 14.85 के घातक स्ट्राइक रेट से विकेट चटकाए हैं।
अंतिम मैच में चले दो प्लेयर्स
इन तीनों खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को जोड़कर देखें तो साफ होता है कि राजस्थान के प्लेऑफ टिकट में इनका योगदान सबसे सर्वोच्च रहा है। वैभव की आतिशी शुरुआत, जुरेल की मध्यक्रम में स्थिरता और आर्चर की धारदार गेंदबाजी ने मिलकर टीम को अंक तालिका में शीर्ष चार में बनाए रखा। इनके बिना टीम का यह सफर बेहद अधूरा और मुश्किल नजर आता। लीग चरण के अंतिम मुकाबले में जुरेल और आर्चर ने अच्छा प्रदर्शन किया था। सूर्यवंशी फ्लॉप हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications