'मैं हूं तब तक पिच ऐसी ही बनेगी,' ईडन गार्डंस के क्यूरेटर ने दिया रहाणे को सीधा जवाब, IPL में मचा बवाल
IPL 2025: कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में मेजबान केकेआर को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने कहा था कि हमारी टीम के लिए यहाँ स्पिन फ्रेंडली पिच होने से अच्छा रहेगा। हमारी टीम की ताकत को यह सूट करेगा।
इसके बाद मैदान के पिच क्यूरेटर की तरफ से दो टूक बयान आया और साफ़ तौर पर रहाणे के निवेदन को नकार दिया गया। इसके बाद हर्षा भोगले और साइमन डूल को पिच क्यूरेटर की बात अच्छी नहीं लगी। दोनों ने ही इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

ईडन गार्डंस के पिच क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने अजिंक्य रहाणे का आग्रह मानने से इंकार कर दिया और कहा कि यहां जब तक मैं इनचार्ज हूँ, पिच में कोई बदलाव नहीं आएगा। इस तरह उन्होंने केकेआर के कप्तान को कुछ ऐसा कहा है, जिसकी आलोचना भी हो रही है क्योंकि यह बयान अहंकार से भरा हुआ है।
हर्षा भोगले तमतमाए
हर्षा भोगले ने कहा कि अगर मैं केकेआर में होता, तो इस बयान से बुरा लगता, मैंने 120 पिचें नहीं मांगी है, सिर्फ यही कहा है कि मुझे एक ऐसी पिच दे दो जहाँ मेरे गेंदबाज टीम को मैच जीतकर दे सके।आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में होम एडवांटेज मिलना चाहिए क्योंकि घरेलू मैदान से बाहर जाकर जीतना मुश्किल होता है।
साइमन डूल को आया जोरदार गुस्सा
साइमन डूल को तो और ज्यादा गुस्सा आ गया और उन्होंने कहा कि अगर आप स्थानीय टीम की इच्छाओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, तो बस अपनी फ्रेंचाइजी को कहीं और ले जाइए। उनका काम खेल पर अपनी राय देना नहीं है। इसके लिए उन्हें वेतन नहीं दिया जा रहा है।
केकेआर के हो गए दो मैच
गौरतलब है कि केकेआर को आरसीबी के खिलाफ सीजन के पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। ईडन गार्डंस में स्पिनरों के लिए कोई मदद नहीं थी। केकेआर के पास वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारेन जैसे बेहतरीन स्पिनर हैं। केकेआर ने अपना दूसरा मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेला और जीत भी दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications