IPL 2025: धोनी से लेकर रोहित शर्मा तक, इन 5 कप्तानों ने जीते हैं आईपीएल में सर्वाधिक मैच
IPL 2025, Most Win Captains: आईपीएल 2025 में कई प्लेयर्स ऐसे हैं, जिन्हें अपनी पुरानी टीम छोड़कर जाना पड़ा है और नई जगह जाने पर भी उनको बतौर कप्तान टीम में शामिल किया गया है। उनमें श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के नाम अहम हैं। अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने खिताबी जीत भी दर्ज की थी।
पंत के सामने इस साल बड़ी चुनौती रहेगी क्योंकि नई टीम और नए प्लेयर्स के साथ तालमेल बैठाना पड़ेगा। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए कप्तानी करते हुए पंत को व्यक्तिगत प्रदर्शन भी देखना पड़ेगा। आईपीएल में सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट में बड़े नाम हैं, जिन्होंने कई मुकाबले जीते हैं। टॉप 5 के बारे में आपको जरूर जानना चाहिए।

महेंद्र सिंह धोनी: आईपीएल में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाला कप्तान अगर कोई है, तो वह महेंद्र सिंह धोनी हैं। साल 2008 में अपने आईपीएल करियर का आगाज चेन्नई सुपर किंग्स के लिए करने वाले माही की कप्तानी में टीम ने पांच बार टाइटल अपने नाम किया है। महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में 133 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
रोहित शर्मा: इस लिस्ट में दूसरा नाम एक और सफलतम कप्तान का आता है। रोहित शर्मा ने भी मुंबई इंडियंस के लिए कप्तानी में धमाकेदार कार्य किया है। रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को पांच बार टाइटल दिलाया है। ऐसे में उनको भी धोनी के टक्कर वाला कप्तान माना जाता रहा है। रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान आईपीएल में 87 मुकाबलों में जीत दर्ज की। धोनी की जीत ज्यादा इसलिए है क्योंकि रोहित देरी से कप्तानी करने लगे थे।
गौतम गंभीर: केकेआर को दो बार खिताबी जीत दिलाने वाले गौतम गंभीर का नाम भी इस सूची में शामिल है। गंभीर ने आईपीएल में अपनी कप्तानी में 71 मुकाबले जीते थे। वह ऐसे कप्तान हैं, जो प्रदर्शन नहीं आने पर बीच में कप्तानी छोड़ गए थे। उस समय वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे थे और टीम की हार का जिम्मा उन्होंने खुद लिया था।
विराट कोहली: काफी समय तक विराट कोहली आरसीबी के कप्तान रहे लेकिन जीत का स्वाद उस हिसाब से नहीं चख पाए। विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी को 66 मुकाबलों में जीत दर्ज करने का मौका मिला था। उनकी कप्तानी में आरसीबी ने महज एक फाइनल खेला था और हार का सामना भी किया।
डेविड वॉर्नर: टॉप पांच की लिस्ट में वॉर्नर एकमात्र विदेशी कप्तान हैं। वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी। उन्होंने अपनी कप्तानी में 40 मुकाबले जीते थे। दोनों टीमों के मैचों को जोड़कर यह आंकड़ा आया है। आईपीएल 2025 में डेविड वॉर्नर के ऊपर किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई।












Click it and Unblock the Notifications