IPL 2024: 3 दिन में होंगे 5 रोमांचक मुकाबले, जानिए कब, कहां और किसकी होगी भिड़ंत
IPL 2024 Schedule: 22 मार्च यानी कि शुक्रवार से आईपीएल 2024 का आगाज होने जा रहा है। आईपीएल का पहला मुकाबला पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के बीच खेला जाना है। इन दोनों ही टीमों के बीच आईपीएल का यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई का रिकॉर्ड आरसीबी के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर शानदार रहा है।
शनिवार को होगा डबल हेडर
अगले दिन यानी कि शनिवार 23 मार्च को आईपीएल 2024 का पहला डबल हेडर मुकाबला खेला जाना है। डबल हेडर के पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स की टीम आमने-सामने होगी। यह मुकाबला मोहाली में होने वाला है। दिल्ली-पंजाब का यह मैच दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।

हैदराबाद-केकेआर में भिड़ंत
वहीं शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। कोलकाता और हैदराबाद दोनों के लिए ही आईपीएल का पिछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में दोनों ही टीमों की कोशिश ईडन गार्डन में पहले मुकाबले को जीतने की होगी। शनिवार की तरह 24 मार्च यानी कि रविवार को भी आईपीएल में डबल हेडर का मुकाबला खेला जाएगा।
मुंबई-गुजरात में जोरदार टक्कर
रविवार को पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपरजायंट्स से जयपुर में होना है। वहीं दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। गुजरात और मुंबई के बीच होने वाले इस मुकाबले पर फैंस की नजरे भी बनी रहेगी। लंबे समय बाद मुंबई ने अपनी टीम में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। इस सीजन रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
पंड्या पर रहेगी नजर
हार्दिक पंड्या इससे पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान थे। आईपीएल के अपने पहले ही मुकाबले में हार्दिक को पुरानी टीम गुजरात के खिलाफ खेलने का मौका मिला है। ऐसे में वह मुंबई की तरफ से गुजरात के खिलाफ आईपीएल के पहले मुकाबले को जीतना चाहेंगे।
आईपीएल के शुरुआती तीन दिनों में ही 5 बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। यह सभी मैच रोमांचक होने की उम्मीद है। आईपीएल में अधिकतर शनिवार और रविवार को डबल हेडर मुकाबला खेला जाता है। लोकसभा चुनाव के कारण आईपीएल का अभी 7 अप्रैल तक का ही शेड्यूल जारी किया गया है। आने वाले दिनों में आईपीएल के बाकी मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications