'निहायती घटिया फैसला...', विराट को मिला दिग्गज का साथ, कोहली ने भी किया शुक्रिया
IPL 2024 Mohammad Kaif: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ विराट कोहली को जिस तरीके से आउट दिया गया वह विवादों में है। हर्षित राणा की गेंद पर विराट कोहली कैच आउट हुए लेकिन कोहली के आउट होने के साथ ही सोशल मीडिया पर एक अलग ही बहस छिड़ गई है। क्रिकेट के दिग्गज से लेकर फैंस तक इस मामले को लेकर दो गुटों में बंटे हुए दिखाई दे रहे हैं। विराट कोहली जिस गेंद पर आउट हुए कुछ लोगों का मानना है कि वह एक लीगल डिलीवरी थी। वहीं कुछ दिग्गज इसे नो बॉल बता रहे हैं।
मोहम्मद कैफ का फूटा गुस्सा
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भी अब विराट कोहली के मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। मोहम्मद कैफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह विराट को लेकर कुछ बातों का जिक्र कर रहे हैं। मोहम्मद कैफ ने एक वीडियो शेयर करते हुए विराट के आउट देने के फैसले को घटिया बताया।

राणा को माफी मांगनी चाहिए
मोहम्मद कैफ ने कहा कि हर्षित राणा को उनके हाथ से छूटी हुई गेंद के लिए विराट कोहली से माफी मांगनी चाहिए। एक बॉल पर आप 10 तरीके से बल्लेबाज को आउट कर सकते हैं। अगर आपने 6 बॉल डाली तो आपके पास 60 मौके बनते हैं। अगर आप नियमों के पन्ने खोलेंगे तो आपको आइडिया होगा कि 10 तरीके से बल्लेबाज को आउट किया जा सकता है।
निहायती घटिया फैसला
हर्षित राणा द्वारा फेंकी गई गेंद उनके कंट्रोल में नहीं थी। उनके हाथ से गेंद छूट गई जिसकी अनुमति ही नहीं है। राणा के हाथ से गेंद गलती से विराट कोहली के पास आ गई और यह नो-बॉल होनी चाहिए थी। राणा को विराट कोहली से माफी मांगनी चाहिए और कहना चाहिए कि सॉरी भाई छूट गई गेंद हाथ से...। वहां विराट कोहली को आउट दे दिया गया जो निहायती घटिया फैसला था।
कोहली ने किया पोस्ट लाइक
हालांकि, इरफान पठान, हरभजन सिंह के अलावा आकाश चोपड़ा ने विराट के आउट वाली गेंद को लीगल डिलीवरी बताया है। मोहम्मद कैफ ने इसके साथ ही इंस्टाग्राम पर भी विराट को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। जहां विराट कोहली भी कैफ की पोस्ट को लाइक करते नजर आए। बता दें कि आउट होने के बाद विराट कोहली बेहद गुस्से में नजर आए थे। गुस्से में आकर उन्होंने अंपायर के साथ मैदान पर बहस भी कर ली थी। जिसकी वजह से विराट कोहली पर मैच फीस का 50% जुर्माना भी लगाया गया।












Click it and Unblock the Notifications