RCB vs KKR: मैदान पर उतरते ही दिनेश कार्तिक ने IPL में रचा इतिहास, कोहली भी नहीं कर सके ये कमाल
IPL 2024 Dinesh Karthik: आईपीएल 2024 में 38 साल के दिनेश कार्तिक कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिनेश कार्तिक ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी कर टीम के लिए अब तक रन बनाने में कामयाब रहे हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के कप्तान डू प्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
दिनेश कार्तिक ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने इस मुकाबले के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 38 साल के दिनेश कार्तिक आईपीएल के सबसे पुराने खिलाड़ियों में से एक हैं। साल 2008 में दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में डेब्यू किया था। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रविवार को खेले जाने वाला मुकाबला दिनेश कार्तिक के आईपीएल करियर का 250वां मैच है।

ऐसा करने वाले बने तीसरे भारतीय
दिनेश कार्तिक आईपीएल में 250 मैच खेलने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। दिनेश कार्तिक के अलावा सिर्फ रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी ने यह कारनामा कर दिखाया है। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में सबसे अधिक 256 मैच खेले हैं। जबकि रोहित शर्मा ने 250 मुकाबले में हिस्सा लिया है। वहीं दिनेश कार्तिक के नाम भी अब 250 मैच हो चुके हैं। विराट कोहली अभी भी विराट दिनेश कार्तिक के इस रिकॉर्ड से दूर हैं।
कोहली के पास भी है मौका
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली की बात करें तो विराट कोहली ने अब तक अपने आईपीएल करियर में कुल 245 मैच खेले हैं। इस सीजन आरसीबी की तरफ से खेलते हुए विराट कोहली भी आईपीएल के 250 मैच पूरे कर सकते हैं। विराट कोहली के पास 250 आईपीएल मैच खेलने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बनने का मौका है। वहीं पांचवें नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा का नाम है। रविंद्र जडेजा ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 232 मैच खेले हैं।
ऐसा रहा है कार्तिक का आईपीएल करियर
दिनेश कार्तिक का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उन्होंने कई सालों तक कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी भी की है। दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में अभी तक 26.64 की औसत से 4742 रन बनाए हैं। कार्तिक ने अपने आईपीएल करियर में 22 अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की है। साल 2024 में दिनेश कार्तिक जबरदस्त फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications